डूंगरपुर: स्विफ्ट डिजायर कार से 22 कार्टून अवैध शराब जब्त:डिग्गी और सीटों के बीच छिपाकर गुजरात ले जा रहा ड्राइवर गिरफ्तार

डूंगरपुर जिले के धंबोला थाना पुलिस ने दिल्ली नंबर की एक स्विफ्ट डिजायर कार से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है। यह शराब कार की डिग्गी और पीछे की सीटों के बीच छिपाकर रखी गई थी। पुलिस ने शराब तस्करी के आरोप में कार ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। धम्बोला थानाधिकारी देवेंद्र सिंह देवल ने बताया कि ‘ऑपरेशन स्वच्छता’ के तहत शराब तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस को एक कार से अंग्रेजी शराब की तस्करी की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर मांडली जाने वाले रोड पर नाकाबंदी की गई। नाकाबंदी के दौरान गेंजी की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार दिल्ली नंबर की कार को रोका गया। पूछताछ करने पर ड्राइवर ने अपना नाम धर्माराम पुत्र महेंद्र कुमार जाट निवासी सनावाड़ा, थाना सदर बाड़मेर बताया। चालक संतोषजनक जवाब नहीं दे सका, जिसके बाद पुलिस ने कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार की डिग्गी और पीछे की सीट के बीच 22 कार्टून विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब मिली। शराब के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज ड्राइवर के पास नहीं थे। पुलिस ने तत्काल कार को जब्त कर लिया। पुलिस ने शराब तस्करी के आरोप में ड्राइवर धर्माराम जाट को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह शराब तस्करी कर गुजरात ले जाई जा रही थी। पुलिस फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *