डेढ़ लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने महाकाल के दर्शन किए:ओरछा, मैहर-बगलामुखी, ओंकारेश्वर और खजराना-चिंतामन गणेश मंदिर में भी भक्तों की भीड़

मध्यप्रदेश में 2025 का वेलकम ग्रैंड सेलिब्रेशन से हुआ। 2024 की आखिरी रात देर तक लोग जश्न में डूबे रहे। साल के पहले दिन यानी आज भी ऐसा ही माहौल है। उज्जैन महाकाल मंदिर में रात 3 बजे से ही भक्तों के आने का सिलसिला शुरू हो गया था। कतार बढ़ती जा रही है। सीएम डॉ. मोहन यादव पचमढ़ी में नया साल सेलिब्रेट कर रहे हैं। वे यहां मंगलवार को ही पहुंच गए थे। अबतक 1 लाख 65 हजार से ज्यादा श्रद्धालु महाकाल के दर्शन कर चुके हैं। नए साल में उज्जैन में 8 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंगलवार को ही यहां पहुंच चुके थे। सुबह भस्म आरती में श्रद्धालु शामिल हुए। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए भस्म आरती के लिए ऑनलाइन टिकट बुकिंग 26 दिसंबर से 2 जनवरी तक बंद कर दी गई है। भगवान महाकाल की 3 तस्वीरें- जानिए एमपी के बाकी शहरों का हाल
खंडवा: ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में शास्त्रीय संगीत के साथ नए साल की शुरुआत हुई। भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। दोपहर 12 बजे तक करीब 30 हजार श्रद्धालु महादेव के दर्शन कर चुके हैं। दतिया: नए साल के पहले दिन लगभग 40 हजार से अधिक भक्तों ने सुबह 10.30 बजे तक पीतांबरा पीठ पर माता के दर्शन किए हैं। माता की शयन आरती तक पीठ परिसर भक्तों से भरा रहेगा। वहीं, पीतांबरा ट्रस्ट के मुताबिक, भक्तों ने मां को सुबह 10 बजे तक 9 लाख से ज्यादा का प्रसाद अर्पित किया है। रात तक ये 20 लाख तक हो सकता है। लगभग 2.50 लाख रुपए की फूल-माला चढ़ाई जा चुकी है। मंदसौर: मंदसौर समेत राजस्थान, गुजरात और अन्य राज्यों से आए भक्तों ने नए साल की शुरुआत भगवान पशुपतिनाथ के दर्शन के साथ की। सुबह कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के बीच भी श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं रहा। सुबह से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए मंदिर पहुंच रहे हैं। रायसेन: जिले के भोजपुर मंदिर में अबतक 35000 से ज्यादा श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर चुके हैं। लोगों के आने का सिलसिला जारी है। रायसेन एसपी पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि भोजपुर मंदिर परिसर में सुरक्षा के लिए 60 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। ओरछा: बुंदेलखंड की अयोध्या माने जाने वाले ओरछा के प्रसिद्ध रामराजा मंदिर में नए साल के पहले दिन देश भर से श्रद्धालु पहुंचे हैं। यहां शाम तक लगभग 1 लाख भक्तों के आने की उम्मीद है। आगर मालवा: आगर मालवा जिले में नए साल के पहले दिन प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर में भक्तों का तांता लगा है। ठंड और कोहरे के बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालु सुबह से ही दर्शन के लिए पहुंचे। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी हुई हैं। मैहर: मैहर स्थित मां शारदा के दरबार में नए साल के पहले दिन देवी दर्शन के लिए भक्तों का तांता लगा हुआ है। मंगलवार रात से ही श्रद्धालु कतार में खड़े हैं। सुबह गेट खुलते ही श्रद्धालुओं ने देवी के दर्शन किए और परिवार की खुशहाली की कामना की। ओरछा: रामराजा दरबार में नए साल पर अबतक लगभग 50 हजार श्रद्धालु भगवान राम के दर्शन कर चुके हैं। बुंदेलखंड और देश के अलग-अलग इलाकों से श्रद्धालुओं के ओरछा आने का सिलसिला जारी है। बताया जा रहा है कि शाम होते-होते ये संख्या एक से डेढ़ लाख हो सकती है। एमपी के मंदिरों की 6 तस्वीरें- न्यू ईयर सेलिब्रेशन से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें- एमपी में नए साल का जश्न, जमकर की आतिशबाजी:डीजे की धुनों पर थिरके लोग; परिवार के साथ मिलकर किया सेलिब्रेट

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *