अलवर के मालाखेड़ा उपखंड क्षेत्र स्थित कुशालगढ़ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में लापरवाही सामने आई है। शुक्रवार को दोपहर 12 बजे तक ड्यूटी डॉक्टर अस्पताल नहीं पहुंची। डॉक्टर की गैरमौजूदगी में नर्सिंगकर्मी डॉक्टर की सीट पर बैठकर मरीजों को दवाइयां लिखता हुआ दिखाई दिया। दरअसल, पीएचसी में डॉक्टर सहित कुल 8 कर्मचारी तैनात हैं, लेकिन मौके पर केवल तीन कर्मचारी ही मौजूद मिले। डॉक्टर की गैरमौजूदगी में नर्सिंगकर्मी डॉक्टर की सीट पर बैठकर मरीजों को दवाइयां लिखता हुआ दिखाई दिया। इसका किसी व्यक्ति ने फोटो खींच लिया। डॉक्टर के नहीं आने से कई मरीज बिना इलाज के ही वापस लौट गए। सुबह 9 बजे का समय है निर्धारित पीएचसी में डॉक्टरों का निर्धारित समय सुबह 9 बजे का है। इसी दौरान एक बुजुर्ग मरीज गुरदयाल करीब साढ़े 11 बजे डॉक्टर को दिखाने अस्पताल पहुंचे। उस समय भी डॉक्टर मौजूद नहीं थी। बुजुर्ग मरीज वहीं बैठकर इंतजार करता रहा था। लेकिन 12 बजे तक भी डॉक्टर नहीं आई। नर्सिंगकर्मी ने कह दिया कि डॉक्टर बस आने वाली हैं। आखिर बुजुर्ग मरीज को बिना दवा लौटना पड़ा। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बना लिया। इस वीडियो में नर्सिंगकर्मी श्याम बाबू डॉक्टर अक्षिता की कुर्सी पर बैठकर मरीजों को दवाइयां लिखते हुए दिखाई दिए। जबकि ड्यूटी पर डॉक्टर अक्षिता, नर्सिंगकर्मी हरिसिंह जाट, नर्सिंगकर्मी गोपाल शर्मा, फार्मासिस्ट सतीश शर्मा, एएनएम सुनीता शर्मा, एएनएम मंजू, लैब टेक्नीशियन योगेश जांगिड़ और ऑपरेटर कृष्ण कुमार को मौजूद होना चाहिए था। इनमें से केवल नर्सिंगकर्मी श्याम बाबू, एएनएम अंजू और लैब टेक्नीशियन योगेश ही अस्पताल में उपस्थित मिले, शेष स्टाफ ड्यूटी पर नहीं आया। लोग बोले- डॉक्टर कभी-कभी ही आते हैं हॉस्पिटल के पास मौजूद एक व्यक्ति ने नाम न छापने की शर्त पर बताया- यहां डॉक्टर कभी-कभार ही आती हैं और बाकी स्टाफ ने आपस में नियम बना रखा है कि रोज सभी कर्मचारी नहीं आएंगे, बल्कि बारी-बारी से दो-तीन लोग ही ड्यूटी पर पहुंचते हैं। इस मामले में बीसीएमएचओ मालाखेड़ा लोकेश मीणा ने बताया- डॉक्टर अक्षिता और संबंधित स्टाफ के खिलाफ पहले कलेक्टर के पास कुछ लोगों द्वारा शिकायत भेजी जा चुकी है। पहले भी 17 सीसी का नोटिस दिया जा चुका है। यह मामला सीएमएचओ के संज्ञान में भी आ गया है और अब विभाग की ओर से जल्द ही 16 सीसी का नोटिस जारी करने की तैयारी चल रही है। हालांकि इस मामले में डॉक्टर अक्षिता ने कहा- मैं यहां एक डॉक्टर हूं। आज लेट इसलिए हो गई की मालाखेड़ा में टीकाकरण के लिए गई थी। बाकी जो पांच स्टाफ नहीं हैं, वो मुझसे छुट्टी लेकर गए हुए हैं। कोई बीमार है, किसी के घर में शादी है। नर्सिंगकर्मी हमारी सीट पर बैठ सकता है। दवा लिखी है तो जांच करूंगी। (इनपुट;शक्ति सिंह)


