भास्कर न्यूज | दंतेवाड़ा दंतेवाड़ा में प्रख्यात कवि डॉ. कुमार विश्वास का कार्यक्रम गुरूवार की देर शाम शुरू हुआ। इस दौरान उन्होंने बस्तर के राम पर रामकथा सुनाई। उनके मंच पर आते ही श्रोताओं में उत्साह देखा गया और तालियों की गड़गड़ाहट और श्रीराम के जयकारों से उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने अपने अंदाज में रामकथा सुनाते हुए विभिन्न प्रसंग बताए और उनके महत्व के साथ ही वर्तमान परिदृश्य में उन्हें किस तरह अमल में लाया जा सकता है, इस पर भी अपनी बात रखी। इधर कार्यक्रम से ठीक पहले मौसम ने अचानक करवट बदली और कार्यक्रम अपने तय समय से करीब डेढ़ घंटे की देरी से शुरू हुआ। जब तक डॉ. विश्वास मंच पर नहीं पहुंचे थे, तब तक श्रोताओं के बीच समां बांधे रखने इससे पहले उत्तर प्रदेश के बाराबंकी से वीररस की कवयित्री कविता तिवारी ने अपनी रचनाओं की प्रस्तुति दी। वहीं गायक प्रियांश ने श्रीराम को समर्पित भजनों की प्रस्तुति दी। खराब मौसम और बारिश के चलते डॉ. विश्वास मंच पर पहुंच ही नहीं पाए, बाद में करीब 8 बजे वे मंच पर पहुंचे। खराब मौसम के बावजूद बड़ी संख्या में लोग डॉ. कुमार विश्वास के कार्यक्रम बस्तर के राम सुनने उमड़े।


