प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंजाब दौरे से पहले पूर्व क्रिकेटर व कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी डॉ नवजोत कौर सिद्धू ने अपने X-हेंडल पर तीन ट्वीट किए। डॉ नवजोत कौर ने मोदी की तारीफों के पुल बांधे और मोदी दौरे का विरोध करने वालों को राजनीतिक चोर बताया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे से पहले अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेताओं ने बयानबाजी करनी शुरू कर दी। कांग्रेस से लेकर आम आदमी पार्टी तक सभी मोदी के इस दौरे से घबराए हुए हैं और इसे राजनीतिक स्टंट बता रहे हैं। वहीं नवजोत कौर सिद्धू ने कहा है कि पंजाबी खुले दिल से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि जब भी हमारे देश के प्रधानमंत्री पंजाब आते हैं तो ये सभी उनका विरोध क्यों करते हैं? नवजोत कौर सिद्धू के इस बयान के बाद पंजाब की सियासत में नवजोत सिंह सिद्धू की नई पारी को लेकर बहस छिड़ गई है। नवजोत कौर सिद्धू के तीन ट्वीट: 1. “पंजाब के लोग भोले-भाले हैं और हमारी स्वार्थी सरकारें उन्हें हमेशा बेवकूफ बनाती हैं क्योंकि उनके अपने हित दांव पर लगे होते हैं। उन्होंने अपने परिवारों के लिए तो अकूत संपत्ति जमा कर ली है, लेकिन जब पंजाब के लिए कुछ करने की बात आती है, तो जवाब ‘ना’ होता है। मोदी जी का स्वागत खुले दिल से करें, यही पंजाबियों का असली स्वभाव है।” 2. “ऐसा क्यों होता है कि जब हमारे देश का मुखिया हमारे राज्य को कुछ देने आता है, तो सभी राजनीतिक चोर एक मंच पर आकर उनके आगमन में बाधा डालने के लिए एकजुट हो जाते हैं। हमें यह बात बिल्कुल साफ रखनी चाहिए कि उन्होंने वह स्थान और शक्ति कमाई है ताकि वे हमारे राज्य के लिए कुछ महान कर सकें। हमें आभारी होना चाहिए।” 3. “आप उदाहरण बनकर जीते हैं, न कि झूठे प्रचार या झूठ के सहारे। जहां कहीं भी आप उन लोगों से मिलते हैं जिन्हें बुनियादी सुविधाओं की ज़रूरत है, वे आपकी कसम खाते हैं। और बाकी तथाकथित नेता केवल नाटकबाज़ हैं। वे खुद को जनता का हितैषी दिखाते हैं, लेकिन ईमानदार नेतृत्व के लिए उनके पास समय नहीं है।” तीसरे ट्वीट के साथ नवजोत कौर सिद्धू ने प्रधानमंत्री के एक ट्वीट को रिट्वीट किया है। उसी ट्वीट पर नवजोत कौर सिद्धू ने ये शब्द लिखें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह ट्वीट महात्मा गांधी की पुण्य तिथि पर किया था। एक मंच पर क्यों आते हैं ‘राजनीतिक चोर’? डॉ नवजोत कौर सिद्धू का कहना है कि जब देश का मुखिया राज्य को कुछ बड़ा देने आता है, तो सारे राजनीतिक चोर विरोध करने के लिए एक मंच पर क्यों आ जाते हैं?” उनका कहना हैक नेता अपना घर भरने में लगे हैं उन्हें पंजाब की तरक्की से कोई लेना देना नहीं है। मोदी जी का स्वागत ‘पंजाबी स्वभाव’ से करें नवजोत कौर सिद्धू का कहना है कि पंजाब के लोग इन नेताओं के बहकावे में न आएं। प्रधानमंत्री ने अपनी मेहनत से वह स्थान हासिल किया है कि वे पंजाब को कुछ बड़ा दे सकें। ऐसे में पंजाबियों से अपील की है कि वे अपने असली स्वभाव ‘खुले दिल और प्यार’ के साथ मोदी जी का स्वागत करें और इन स्वार्थी तत्वों को आईना दिखाएं।


