अमृतसर सिटी| हलका उत्तरी के वार्ड नंबर 6, गली नंबर 7 कर्मपुरा में सीवरेज पूरी तरह से बंद है। गंदा पानी घरों में घुस रहा है। घरों में आने वाला पीने का पानी भी साफ नहीं है। इससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ राह है। गली में पानी जमा है। बरसाती चैंबर बंद पड़े हैं। मच्छरों की भरमार है। मच्छर के काटने से बच्चे बीमार हो रहे हैं। गली निवासी दीपक शैली ने बताया कि पानी घरों के अंदर तक पहुंच गया है। प्रशासन ने अब तक कोई ध्यान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि जब से आम आदमी पार्टी के विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह चुनाव जीते हैं, तब से एक बार भी इस गली की तरफ नहीं देखा। जैसे यह इलाका उनके हलके में आता ही नहीं। लोगों ने उन्हें बड़ी उम्मीद से जिताया था, ताकि इंसाफ और विकास हो सके। लेकिन अब निराशा हाथ लगी है। लोग सीवरेज की वजह से फैल रही बीमारियों से परेशान हैं। बच्चों और बुजुर्गों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। दीपक शैली ने बताया कि यह गली होटल ताज के सामने है। यहां सुबह-शाम लोग सैर करने आते हैं। लेकिन गली में कचरे का ढेर लगा रहता है। कचरे की लिफ्टिंग नहीं होती। सीवरेज बंद होने से बदबू फैली हुई है। यह परेशानी वहां आने-जाने वालों के लिए भी मुश्किल खड़ी कर रही है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इस समस्या का हल निकाला जाए।