ड्राइवरों से खरीदता था चोरी का डीजल 200 लीटर ईंधन के साथ एक गिरफ्तार

भास्कर न्यूज| महासमुंद सांकरा पुलिस ने अवैध रूप से ज्वलनशील पदार्थों का भंडारण करने और उनकी तस्करी करने वालों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम सांकरा में छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध डीजल जब्त किया है, जिसे बिना किसी सुरक्षा प्रबंध के रिहायशी इलाके में रखा गया था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम सांकरा निवासी देवानंद साव (61) अपने घर में अवैध रूप से भारी मात्रा में डीजल छिपाकर रखा है। यह डीजल न केवल अवैधानिक तरीके से बेचा जा रहा था, बल्कि इसे असुरक्षित ढंग से रखने के कारण किसी बड़ी अनहोनी या आगजनी का खतरा भी बना हुआ था। पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर मौके पर दबिश दी और आरोपी को रंगे हाथों धर दबोचा। जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी देवानंद साव अक्सर गुजरने वाले ट्रक ड्राइवरों से कम दाम में चोरी का डीजल खरीदता था और फिर उसे ऊंचे दामों पर अवैध रूप से बेचता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से डीजल चोरी और मापने में उपयोग होने वाले कई उपकरण बरामद किए हैं। उनके कब्जे से 200 लीटर डीजल कीमत करीब 19,600 रुपए, मापने के एल्युमिनियम लीटर, प्लास्टिक जरकिन, पाइप और एल्युमिनियम का बड़ा टब कुल करीब 23,050 रुपए का सामान जब्त किया है। आरोपी के विरुद्ध ज्वलनशील पदार्थ को लापरवाही से रखने और अवैध व्यापार करने के आरोप में बीएनएस की धारा 287 एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3 और 7 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। ज्वलनशील पदार्थों का अवैध भंडारण जानलेवा हो सकता है। पुलिस की गिरफ्त में आरोपी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *