भास्कर न्यूज | अंबिकापुर छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंघ की तीन सूत्रीय मांगों को लेकर निकली पदयात्रा रविवार को छठे दिन अंबिकापुर पहुंची। यह यात्रा मनेंद्रगढ़ से शुरू हुई थी। अंबिकापुर से लखनपुर पहुंचकर रात में विश्राम किया गया। पदयात्रा का लक्ष्य 18 मार्च को रायपुर पहुंचना है। 19 मार्च को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर संघ के प्रतिनिधि ज्ञापन सौंपेंगे। संघ के प्रमुख सदस्य प्रीतम सिंह, दिलीप शर्मा और अन्य पदाधिकारियों ने बताया कि उनकी मांगें ड्राइवर आयोग की स्थापना, ड्राइवर वेलफेयर बोर्ड का गठन और ड्राइवर दिवस घोषित करने को लेकर हैं। उन्होंने कहा कि ये मांगें लंबे समय से लंबित हैं। ड्राइवर समुदाय के हित में इन्हें पूरा किया जाना चाहिए। इस पदयात्रा में चार टीमें अलग-अलग दिशाओं से रायपुर पहुंचेंगी। एक टीम मनेंद्रगढ़ से, दूसरी महाराष्ट्र से, तीसरी जगदलपुर से और चौथी सरायपाली से निकली है। सभी टीमों का उद्देश्य एकजुट होकर अपनी मांगों को मजबूती से रखना है। महासंघ का कहना है कि पदयात्रा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और केंद्रीय ट्रांसपोर्ट मंत्री नितिन गडकरी तक भी अपनी मांगें पहुंचाई जाएंगी। यदि मांगे नहीं मानी गईं तो आंदोलन जारी रहेगा।


