बुधवार को गुरु घासीदास जयंती के अवसर पर ड्राई डे के दिन गंगापुर विदेशी मदिरा दुकान के पास अवैध मिलावटी शराब बेचने की सूचना पर आबकारी उड़नदस्ता दल ने छापा मारा। छापेमार कार्रवाई में 37 लीटर अवैध शराब जब्त की गई है। ये शराब मिलावट कर बनाई गई थी।मिलावटी शराब ब्रांडेड शराब की बोतलों में पैक किए गए थे। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक, संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम को बुधवार को सूचना मिली कि गंगापुर विदेशी मदिरा दुकान के पास कुछ लोग अवैध शराब बेच रहे हैैं। सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में उड़नदस्ता टीम ने छापा मारा तो दो लोगों से अवैध शराब जब्त की गई। चखना सेंटर में बिक रही थी शराब
आबकारी उड़नदस्ता दल ने प्रमोद गुप्ता के चखना दुकान से 41 पाव रॉयल स्टैग जब्त किया गया। एक अन्य आरोपी रामकुमार के कब्जे से 32 नग रॉयल स्टैग की अद्धी, चार नग मैकडॉवेल नंबर 1 की अद्धी, 2 नग रॉयल चौलेंज की अद्धी, 28 नग रॉयल चैलेंज का पाव तथा 21 नग सिंबा बियर का केन कुल 29.79 लीटर विदेशी मदिरा व्हिस्की एवं माल्ट जब्त किया गया। मिलावट कर बनाई जा रही थी शराब
उड़नदस्ता दल को रामकुमार के मकान से 45 नग मैकडॉवेल नंबर 1, रॉयल चौलेंज और रॉयल स्टैग का ढक्कन भी प्राप्त हुआ। तब उड़न दस्ता टीम को शक हुआ। जब सभी जब्त शराब की बोतलों में भरी शराब की जांच की गई तो सभी में पानी मिलाना पाया गया। आरोपी ने स्वयं शराब में पानी मिलाना स्वीकार किया। दल ने गंगापुर विदेशी मदिरा दुकान के पीछे सूने मकान से लगभग एक पिकअप खाली बोतलें जब्त की है। दोनों आरोपियों को आबकारी अधिनियम की धारा 34 (2)38 (ए) एवं 59 (क) के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। नकली शराब बेचने की जांच
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि रामकुमार राम झारखंड का निवासी है तथा यह गंगापुर दुकान के पास चखना दुकान संचालित करता है। वह अपने घर से डाइल्यूशन कर अंग्रेजी शराब की बिक्री कर रहा था। गंगापुर विदेशी मदिरा दुकान के पीछे मकान से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब की खाली बोतलें मिलने से आशंका है कि ये आरोपी नकली शराब भी बेच रहे थे।


