ड्रेनेज नहीं रहने से सड़क पर जल जमाव, गंदे पानी से होकर पहुंच रहे फ्लैट, लोग परेशान

अपार्टमेंट के ठीक सामने सड़क पर पानी चेशायर होम रोड बरियातू में वार्ड नंबर 6 के स्ट्रीट नंबर 21 में स्थित अपार्टमेंट बिक्रमशिला वाटिका में रहने वाले 95 परिवार पहुंच पथ पर जल जमाव से परेशान हैं। अपार्टमेंट का नक्शा 2012 में पास हुआ। इसके बाद 2017 से यहां लोगों ने फ्लैट लेकर रहना शुरू किया, लेकिन 8 वर्ष बाद भी यहां के लोग मूलभूत सुविधाओं के लिए जद्दोजहद कर रहे हैं। चेशायर होम रोड से करीब 700 मीटर दूर इस अपार्टमेंट तक पहुंचने के लिए सड़क काफी संकरी है। ड्रेनेज सिस्टम नहीं रहने के कारण आसपास के घरों का पानी भी इसी सड़क पर बहता रहता है। इस सड़क पर सालों भर गंदा पानी जमा रहता है। बरसात में तो अपार्टमेंट तक पहुंचने के लिए पानी में घुसकर जाना पड़ता है। सड़क का गंदा पानी अपार्टमेंट की पार्किंग में घुस जाता है। फ्लैट्स से निकलने वाला वेस्ट वाटर और बरसात का पानी अपार्टमेंट के पीछे खेत में जाता है। इस कारण अपार्टमेंट के पीछे की बाउंड्री भी एक ओर झुक गई है। इसमें दरारें पड़ गई हैं। अपार्टमेंट लो लैंड में है, इसलिए बरसात में जलजमाव की स्थिति बन जाती है। अबतक सोसाइटी का रजिस्ट्रेशन नहीं हुआ है। इसलिए एसोसिएशन को हैंडओवर नहीं हो सका है। रेन वाटर हार्वेस्टिंग भी नहीं बनाया गया है। इस कारण सारा पानी सड़क पर ही आता है। फ्लैट में रहने वालों ने कहा कि लगभग 50 से 70 लाख रुपए में उनलोगों ने फ्लैट खरीदा है। लेकिन उनको काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। क्योंकि मेंटेनेंस के लिए यहां के लोग आपस में ही दो-दो हजार रुपए लगाकर मेंटेनेंस का सारा काम कराते हैं। सोसाइटी बन गई होती तो यह परेशानी नहीं आती। बिल्डर ने कहा- अपार्टमेंट के सामने की सड़क में सिर्फ 6 माह से ही पानी बह रहा बिल्डर नवेंदु राज ने कहा कि अपार्टमेंट के सामने की सड़क में सिर्फ 6 माह से ही पानी बह रहा है। नाली-सड़क बननी है, जो नगर निगम से पास हो चुका है। रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम भी बना हुआ है। 2018 में बिल्डिंग बनी थी और 2021 में नगर निगम से हमने ऑक्यूपेंसी ले ली है। सोसाइटी का इलेक्शन भी कराया गया था। सोसाइटी फोर्मेशन का आवेदन भी दिया हुआ है। प्रशासक बोले- चेशायर होम रोड में जल जमाव है तो जांच कर समाधान कराएंगे नगर निगम के प्रशासक संदीप सिंह ने कहा कि शहर के मुहल्लों में सड़क-नाली बनाने की प्रक्रिया चल रही है। कई मुहल्लों का टेंडर हो चुका है। चेशायर होम रोड में जल जमाव क्यों हो रहा, इसकी जांच कर समाधान होगा। अगर टेंडर हो गया है तो अबतक नाली क्यों नहीं बनी, जानकारी लेने के बाद कार्रवाई होगी। कोई भी शिकायत है तो फ्लैट खरीददारों को निगम में आवेदन देना चाहिए। ये हैं अपार्टमेंट की खासियतें… 1. अपार्टमेंट में 2, 3 व 4 बीएचके के 95 फ्लैट्स हैं। सभी मिलजुल कर रहते हैं। पर्व-त्योहार मिलकर मनाते हैं। 2. डॉक्टर्स, इंजीनियर्स समेत कई विभाग के अफसर रहते हैं। रंग-रोगन किया हुआ है। सभी फ्लैट्स फर्निश्ड हैं। 3. अपार्टमेंट बरियातू मुख्य सड़क से एक किमी. दूर है। अपार्टमेंट के परिवार पैसे जमा कर समस्याएं दूर करते हैं। लोगों ने कहा- ये वादे अधूरे… 1. लोगों ने कहा, सोसाइटी रजिस्टर्ड कराकर एसोसिएशन को हैंडओवर देने की बात थी, पर ऐसा नहीं हुआ। 2. बिल्डर ने ग्राउंड फ्लोर का लेआउट प्लान, जो निगम से अप्रूव होता है। उसकी कॉपी भी किसी को नहीं दी। 3. ड्रेनेज सिस्टम बढ़िया रहेगा, ऐसा कहा गया था। अप्रोच रोड में नाली बनी मिलेगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अपनी सोसाइटी की समस्या बताएं भास्कर को अपनी सोसाइटी में बुलाने के लिए 9431363003, 9334308093 नंबर पर संपर्क करें या वॉट्सएप पर समस्या भेजें। खबर का असर…फ्लैट खरीददारों के हितों की रक्षा के लिए आगे आया आयोग रांची | झारखंड राज्य उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग के अध्यक्ष बीके गोस्वामी ने दैनिक भास्कर की खबर पर संज्ञान लिया है। उन्होंने फ्लैट खरीददारों के हितों की हर संभव रक्षा का भरोसा दिया है। उन्होंने सभी फ्लैट खरीददारों को जिला उपभोक्ता आयोग में आकर शिकायत दर्ज कराने की अपील की है। कहा है कि बिल्डर द्वारा फ्लैट खरीददारों से किए गए वादे अधूरे हैं तो यह उपभोक्ताओं के साथ धोखाधड़ी है। बिल्डर को एग्रीमेंट की शर्तों का पालन करना ही होगा। ऐसा नहीं करने पर आयोग विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई कर सकता है। फ्लैट खरीददार आवेदन दें, बिल्डर के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। अपार्टमेंट से जुड़ी समस्याओं का समाधान कराया जाएगा। नगर निगम के प्रशासक ने दिया ड्रेनेज सिस्टम नहीं बनने की जांच का निर्देश रांची नगर निगम के प्रशासक संदीप सिंह ने भी अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों की समस्याओं पर संज्ञान लेते हुए मामले की जांच का निर्देश दिया है। बिल्डर द्वारा अभी तक ड्रेनेज सिस्टम का निर्माण क्यों नहीं किया गया, इसकी जांच करने का निर्देश दिया है। टाउन प्लानिंग सेक्शन को नक्शा के अनुरूप बिल्डिंग का निर्माण हुआ या नहीं और वहां पार्किंग, लिफ्ट की खराबी सहित अन्य समस्याओं की जांच कर आगे की कार्रवाई करने के लिए कहा है। यदि बिल्डर दोषी पाया जाता है तो उसके ​खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और फ्लैट खरीददारों की समस्याओं का निवारण कराया जाएगा। जांच में बिल्डर दोषी पाया गया तो उस पर जुर्माना भी लगाया जाएगा। चेशायर होम रोड स्थित बिक्रमशिला वाटिका अपार्टमेंट के लोग बोले- नहीं मिल रहीं सुविधाएं 13 मई को छपी श्री सांई एन्क्लेव की खबर… यह सिर्फ एक शिकायत नहीं, हक की बात है… और जब हक की बात होगी, इसे जिम्मेदारों तक पहुंचाएगा भास्कर… मनीषा सिंह : बच्चों को स्कूल लेकर आना-जाना मुश्किल हो गया है। जल जमाव से दुर्गंध का भी सामना करना पड़ता है। सड़क संकरी होने से अपार्टमेंट के बच्चों को बस पकड़ने के लिए काफी दूर तक जाना पड़ता है। सोनी बर्णवाल : यहां पर आवारा कुत्ते बहुत हैं। कुछ कुत्ते तो हमारे अपार्टमेंट में ही आ जाते हैं। इन कुत्तों ने कई बार अपार्टमेंट व आसपास के लोगों पर हमला भी किया है। बच्चों में तो इनका खौफ बैठ गया है। डॉ. अनिता : चेशायर रोड में भी अक्सर जाम लगा रहता है। बड़ी गाड़ियों का आना-जाना होता रहता है। बच्चों को स्कूल बस तक छोड़ने जाने में काफी दिक्कत होती है। सड़क पर ही लोग गाड़ी पार्क कर देते हैं। डॉ. दिलीप कुमार : सड़क पर पानी जमा रहने के कारण ब्रेकर नहीं दिखता है। बच्चों को स्कूल बस तक पहुंचाने में काफी दिक्कत होती है। टू-व्हीलर में चलने पर कई दफा स्किड कर जाता है, जिससे चोटें लगती हैं। तनुजा नारायण : अपार्टमेंट के आसपास स्ट्रीट डॉग घूमते रहते हैं, जिससे बच्चे भी बाहर निकलने से डरते हैं। कुत्तों ने अपार्टमेंट के लोगों को कई बार काटा है। हमने लिखित शिकायत भी की, पर समाधान नहीं हो सका। एसएन शर्मा : कई बार नगर निगम से शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। नालियां नहीं बनाई गईं। सड़कों में गंदगी भरी रहती है। फ्लैट के अंदर तक गंदगी की बदबू पहुंचती है। टीके मिश्रा : सड़क पर गंदा पानी जमा रहने के कारण अपार्टमेंट में मच्छर बहुत हैं। डेंगू, मलेरिया का खतरा बना रहता है। कई लोग अक्सर बीमार होते रहते हैं। सड़क पर पानी जमा रहने के कारण गंदगी फैली रहती है। सुजीत कुमार : आरएमसी से टेंडर पास है, लेकिन चेशायर होम रोड से अपार्टमेंट तक की सड़क नहीं बन रही है। संकरी सड़क से अपार्टमेंट तक आने में पसीने छूट जाते हैं। रोड पर सालों भर सीवर का पानी जमा रहता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *