भास्कर न्यूज | अमृतसर लोहड़ी पर पुलिस ने ड्रोन से निगरानी का दावा किया था मगर शहर में चाइना डोर से जमकर पतंगबाजी हुई। न ड्रोन दिखे न पुलिस की सख्ती। दैनिक भास्कर टीम ने शहर के अलग-अलग इलाकों का मौका ए मुआयना किया। हालगेट, हाथीगेट, लोहगढ़ गेट, लाहौरी गेट, सुल्तानविंड गेट, झब्बाल रोड, मजीठा रोड, ग्रीन फील्ड, न्यू ग्रीन फील्ड, 88 फुट रोड, डायमंड एवेन्यू, कटरा शेर सिंह, कटरा सफेद, पुतलीघर, कोट खालसा, लॉरेंस रोड, रणजीत एवेन्यू, छेहर्टा, घन्नूपुर काले, खंडवाला समेत शहर के अधिकांश हिस्सों में लोग चाइना डोर से पतंग उड़ाते नजर आए। एंटी क्राइम एंड एनिमल प्रैक्टिशनर एसोसिएशन के चेयरमैन डॉ. रोहन मेहरा का कहना है कि चाइना डोर पर रोक संबंधी जिला व पुलिस प्रशासन के दावे सिर्फ कागजों तक ही सीमित हैं। पुलिस चाइना डोर का इस्तेमाल करने वालों पर एफआईआर की धमकी देती है और ड्रोन से निगरानी के दावे करती है लेकिन होता कुछ भी नहीं है। ट्रैफिक पुलिस ने इस बार लोहड़ी पर अनोखा प्रयास किया । एलिवेटिड रोड पर दोपहिया वाहनों की एंट्री को ही बंद कर दिया गया। पुलिस का कहना था कि लोहड़ी पर चाइना डोर उड़ रही है और लोग इससे किसी तरह के शिकार न हो जाएं। पुलिस का यह प्रयास तो सराहनीय था, लेकिन इससे यह भी साबित हो गया कि शहर में सरेआम चाइना डोर उड़ी है। पुलिस का ड्रोन कहीं दिखाई नहीं दिया। हालांकि कई इलाकों चाइना डोर सरेआम उड़ी। वहीं पुलिस ने गुप्त सूचना पर रिंकू दमन निवासी दुर्गा गली इस्लामाबाद को गिरफ्तार कर 6 गट्टू बरामद किए गए। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


