एक फर्नीचर कारोबारी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात ढंडारी खुर्द इलाके की दुर्गा कॉलोनी में सोमवार देर रात की है। मृतक की पहचान राम धनी (55) वासी दुर्गा कॉलोनी के रूप में हुई है। वारदात के समय मृतक अकेला ही दुकान पर सो रहा था। परिजनों का आरोप है कि ये हत्या है, क्योंकि घटना स्थल को देख लगता है कि हमलावर दुकान के सामने बन रही बिल्डिंग से होकर अंदर घुसे और कारोबारी को बंधक बनाया। उनके हाथ-पैर और मुंह बांधकर ईंट से हमला कर हत्या कर दी गई। जिसके बाद आरोपी पीछे के दरवाजे से फरार हो गए। मृतक के बेटे पंकज तिवारी ने बताया कि उनके पिता राम धनी रोजाना की तरह सोमवार रात दुकान में ही रुके थे। इससे पहले भी वे कई बार दुकान पर ही रुक कर सो जाते थे, लेकिन अगले दिन घर भी आ जाते थे। जब सुबह 9:30 बजे तक वह घर नहीं पहुंचे तो उनकी मां ने फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद बड़े बेटे पंकज तिवारी ने दुकान के सामने सब्जी विक्रेता से संपर्क किया। फिर सब्जी विक्रेता ने दुकान के अंदर जाकर देखा तो राम धनी की खून से लथपथ लाश पड़ी थी और पीछे का दरवाजा खुला हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर थाना फोकल पॉइंट के एसएचओ अमनदीप सिंह बराड़ अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम के साथ पहुंचे। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसके साथ ही दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला, लेकिन कोई अहम सुराग हाथ नहीं लगा।


