कोरबा के हरदी बाजार बस स्टैंड स्थित महेश ढाबा में अवैध शराब की बिक्री की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने दबिश देकर ढाबा संचालक और उसके एक सहयोगी को गिरफ्तार किया है। मौके से भारी मात्रा में कच्ची महुआ, देसी और गोवा शराब के साथ बिक्री के 4500 रुपए भी जब्त किए गए। हरदीबाजार थाना प्रभारी प्रमोद कुमार डनसेना के निर्देश पर सहायक उप निरीक्षक कृपा शंकर दुबे ने अपनी टीम के साथ गुरुवार दोपहर दो बजे महेश ढाबा पर छापा मारा। पुलिस ने मौके से 30 लीटर कच्ची महुआ शराब, 22 नग देसी पाव, 8 नग गोवा शराब और बिक्री के 4500 रुपए जब्त किए। मुख्य आरोपी महेश यादव (28 वर्ष) और उसके सहयोगी प्रमोद कुमार राठौर (38 वर्ष) को आबकारी अधिनियम की धारा 34/2 के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। जब्त की गई अवैध शराब की कुल कीमत 10,160 रुपए आंकी गई है। ढाबा संचालक महेश यादव केवल अपने नियमित ग्राहकों को ही शराब उपलब्ध कराता था। वह बंदी के दिनों और त्योहारों पर भी शराब बेच रहा था, जिसमें होली का दिन भी शामिल है। यह ढाबा मुख्य मार्ग पर स्थित है, जहां भारी वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है। इससे ट्रक चालकों और अन्य यात्रियों को आसानी से शराब मिल जाती थी। इस कार्रवाई के बाद आसपास के अन्य ढाबा संचालकों में हड़कंप मच गया है।


