तरनतारन में वॉलीबॉल विवाद में गोलीबारी:तीन लोग घायल, 7 साल के बच्चे के आंख में लगा छर्रा

तरनतारन में सराय अमानत खां थाने के गांव कलास में वॉलीबॉल खेलने को लेकर हुए विवाद में गोलीबारी हुई। इस घटना में सात साल के बच्चे और एक महिला समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गोली लगने से घायल हुए अमृतबीर सिंह ने बताया कि कल शाम सरकारी स्कूल कलास में वॉलीबॉल नेट पर खेलने को लेकर उनका गांव के लवप्रीत सिंह से झगड़ा हो गया था। इसके बाद लवप्रीत सिंह ने अपने रिश्तेदारों को बुला लिया। रात में वे उनके घर आए, गाली-गलौज की और गोली चला दी। गोली के छर्रे से घायल अमृतबीर सिंह के अनुसार, गोली का एक छर्रा उनके सात साल के बेटे की आंख में लगा। इसके अलावा, उनके साथ रहने वाली नवप्रीत कौर और वे खुद भी गोली के छर्रे लगने से घायल हो गए। बेटे को इलाज के लिए अमृतसर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अमृतबीर और नवप्रीत कौर कसेल के सरकारी अस्पताल में भर्ती हैं। वहीं, धारदार हथियार से घायल हुए दूसरे पक्ष के लवप्रीत सिंह ने बताया कि उनका झगड़ा वॉलीबॉल खेलने को लेकर हुआ था। बाद में जब उनके रिश्तेदार लड़ाई की आवाज सुनकर आए, तो वे उन्हें कार में ले गए ताकि रात में और झगड़ा न हो। दूसरा पक्ष बोला- कार रोककर हमला किया लवप्रीत सिंह के मुताबिक, रास्ते में अमृतबीर सिंह और उनके पिता भाल सिंह ने उनकी कार रोक ली और उन पर हमला कर दिया। उन्होंने लवप्रीत को धारदार हथियारों से घायल कर दिया और उनके एक रिश्तेदार की पगड़ी भी उतार दी। लवप्रीत को उनके रिश्तेदारों ने घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया। इस मामले में थाना प्रमुख बलजिंदर सिंह बाजवा ने जानकारी दी कि पुलिस दोनों पक्षों के घायल लोगों के बयान दर्ज कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *