जोधपुर में पुलिस की पहल से तलाक की कगार पर पहुंचा एक विवाहित जोड़ा फिर से साथ रहने को राजी हो गया। महिला थाना पश्चिम की टीम ने पति-पत्नी को पांच बार बुलाकर काउंसलिंग की और आपसी मतभेद दूर कराने का प्रयास किया, जिसके बाद दोनों ने रिश्ते को एक और मौका देने का फैसला किया। महिला थाना पश्चिम की थानाधिकारी रेणू ठाकुर के अनुसार, 17 जनवरी को कविता (21) पत्नी सुनील, निवासी न्यू हाईकोर्ट के पीछे जोधपुर, ने शिकायत दी थी। उसका ससुराल गांव निम्बोल, तहसील जैतारण जिला पाली में है। पुलिस की समझाइश और संवाद के जरिए मामला सुलझा लिया गया। गलतफहमी को किया दूर कविता ने एक परिवाद पेश कर बताया कि मेरे पति और ससुराल वाले मुझे परेशान कर रहे हैं, जिसके कारण मैं ससुराल में नहीं रहना चाहती हूं। कविता ने कोर्ट में तलाक के लिए भी आवेदन करना बताया। जांच के दौरान दोनों पक्षों को बुलाकर पांच बार काउंसलिंग करवाई। दोनों के बीच घरेलू छोटी-छोटी बातों को लेकर लड़ाई झगड़ा होने के संबंध में दोनों के बीच में गलतफहमी को दूर करवाया। इसके बाद कविता और उसके पति सुनील साथ रहने के लिए राजी हो गए। पुलिस स्टाफ ने उन्हें एक दूसरे को माला पहनावाकर कविता के ससुराल गांव निम्बोल जैतारण रवाना किया।


