राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि कांग्रेस शासन में सरकारी स्कूलों पर इंग्लिश मीडियम के बोर्ड लगाए गए। इससे जो बच्चे इंग्लिश मीडियम में नहीं पढ़ना चाहते थे, उन्होंने स्कूल छोड़ दिया। मंत्री ने कहा कि वे नामांकन बढ़ाने के लिए नए सिरे से प्रयास करेंगे। शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने सोमवार को लालसोट में महाराजपुर तालाब गांव में ढाई करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले श्री कृष्ण शास्त्री संस्कृत महाविद्यालय के नवीन भवन का विधि-विधान से भूमि पूजन किया। उन्होंने महाविद्यालय के जनक एवं पित्र पुरुष पंडित श्री कृष्ण शास्त्री के स्मारक का लोकार्पण भी किया। इस दौरान शिक्षा मंत्री ने नौबत बाजा भी बजाया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कॉलेज के सर्वांगीण विकास में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने आगामी वित्तीय वर्ष के बजट में बीएसटीसी संस्कृत कॉलेज भी प्रारंभ करने का आश्वासन दिया। दिलावर ने संस्कृत शिक्षा के लिए राजस्थान सरकार द्वारा किए गए अभूतपूर्व कार्यों का उल्लेख किया और इस वित्तीय वर्ष में संस्कृत शिक्षा में होने वाली 3500 नवीन भर्तियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संस्कृत देव वाणी है और अनेक भाषाओं की जननी है। संस्कृत में आधुनिक विज्ञान का खजाना भरा पड़ा है। इसके शोध की आवश्यकता है। मीडिया से बातचीत करते हुए शिक्षा मंत्री ने नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के मंदिर जाने के बाद ज्ञान देव आहूजा द्वारा गंगाजल छिड़कने की घटना की निंदा की। साथ ही कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पार्टी इस मुद्दे को बिना वजह तूल दे रही है। दिलावर ने कांग्रेस नेता द्वारा शराब पीकर कार चलाते हुए चार लोगों की हत्या के मामले को भी उठाया। उन्होंने कहा कि इस मामले में कांग्रेस की चुप्पी निंदनीय है। दौसा के कांग्रेस विधायक डीसी बैरवा के मंदिरों पर दिए बयान का जवाब देते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि शिक्षा और मंदिर में पूजा-अर्चना दोनों समान रूप से महत्वपूर्ण हैं। कार्यक्रम में बाबूलाल मुख्य वक्ता थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में लालसोट विधायक रामविलास मीणा तथा चाकसू विधायक राम अवतार बैरवा मौजूद थे। कार्यक्रम में लालसोट नगर परिषद की सभापति सुमन मीणा, स्थानीय महाराजपुर तालाब गांव की सरपंच लाली मीणा तथा महाविद्यालय के प्राचार्य हजारीलाल बैरवा एवं संस्कृत शिक्षा विभाग के संयुक्त निदेशक जितेंद्र अग्रवाल सहित अन्य अनेक जन प्रतिनिधि व अधिकारी गण उपस्थित थे। कार्यक्रम के प्रारंभ में शिक्षा मंत्री के पहुंचने पर 51 किलो के पुष्पहार से स्वागत किया गया तथा लोक कलाकारों द्वारा नौबत बाजा बजाकर अभिनंदन किया गया। समाज रत्न के रूप में सिक्कों से तोला
संस्कृत महाविद्यालय के कार्यक्रम के लिए महाराजपुर तालाब गांव पहुंचे शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर का यहां स्थानीय खटीक समाज की ओर से अभिनंदन किया गया। पारंपरिक साफा एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मान करने के बाद शिक्षा मंत्री को समाज रत्न के रूप में सिक्कों से तोला गया। समाज द्वारा अभिनंदन पर मदन दिलावर ने आभार प्रकट किया। बाद में संस्कृत कॉलेज के कार्यक्रम में मंत्री दिलावर ने 21 हजार रुपए की राशि संस्कृत महाविद्यालय में विकास कार्यों के लिए प्रिंसिपल को भेंट किया। शिक्षा मंत्री ने बजाई नौबत बाजा
शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर पंडित श्री कृष्ण शास्त्री राजकीय संस्कृत महाविद्यालय के समारोह में लोक रंग में रंगे नजर आए। जैसे ही मंत्री दिलावर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, स्थानीय लोग गायकी दंगल के कलाकारों ने नौबत बाजा बजाकर उनका स्वागत किया। दंगल गायन सुनकर प्रफुल्लित शिक्षा मंत्री अपने आप को नहीं रोक पाए और मंच से उतरकर लोक कलाकारों के बीच आ गए और स्वयं ने अपने हाथों से नौबत बाजा बजाकर दंगल गायन कर रहे लोक कलाकारों का साथ दिया। लोक कलाकार भी शिक्षा मंत्री द्वारा कुशल कलाकार की तरह नौबत बजाने पर हर्षित होकर थिरकते नाचते नजर आए।


