भास्कर न्यूज | जशपुरनगर जिले में अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर के निर्देशन में खनिज विभाग की टीम लगातार छापेमारी कर रही है। इस दौरान जशपुर और फरसाबहार क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन करते वाहनों को जब्त किया गया है और भारी मात्रा में अवैध रेत का भंडार पकड़ा गया है। सहायक खनिज अधिकारी विवेक साहू ने बताया कि ग्राम भुड़केला में अवैध रेत परिवहन की शिकायत प्राप्त हुई थी। त्वरित जांच के दौरान हाइवा क्रमांक सीजी 14 एमजी 1390 को अवैध रूप से रेत ले जाते हुए पकड़ा गया। प्रशासन ने तत्काल वाहन को जब्त कर खान और खनिज अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। इसी प्रकार तहसील फरसाबहार अंतर्गत बहने वाली ईब नदी में अवैध उत्खनन की शिकायतों पर विभाग ने बड़ी कार्रवाई की। जांच के दौरान 9 फरवरी को ईब नदी से अवैध रूप से निकाली गई 960 घनमीटर रेत अभय कंस्ट्रक्शन, जशपुर के कब्जे से जब्त की गई। इस मामले में भी संबंधित पक्ष के खिलाफ धारा 21 के तहत कार्रवाई की जा रही है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध सतत निगरानी रखी जा रही है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। वर्तमान में ग्राम बलुवाबहार में वैध रेत खदान संचालित है। इसके अतिरिक्त तीन नए क्षेत्रों को रेत खदान घोषित कर निविदा प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। ग्राम दाईजबहार में 1 हेक्टेयर, ग्राम खारीबहार में 4 हेक्टेयर तथा ग्राम बरकसपाली में 1 हेक्टेयर क्षेत्र में खदान आवंटन की प्रक्रिया जारी है। खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।


