अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार से मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक बड़े मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। डीजीपी गौरव यादव ने जानकारी दी कि इस कार्रवाई में पुलिस ने 10 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरदासपुर निवासी सुखदेव सिंह और अमृतसर के गांव बागड़ियां निवासी अवतार सिंह के रूप में हुई है। पुलिस कमिश्नर प्रारंभिक जांच में यह खुलासा हुआ है कि ये दोनों आरोपी पाकिस्तान स्थित तस्करों के संपर्क में थे और पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में संलिप्त पाए गए। पुलिस के अनुसार, 2015 में इन दोनों आरोपियों ने दो पाकिस्तानी नागरिकों के साथ मिलकर 19.5 किलोग्राम हेरोइन की तस्करी की थी। उस समय भी सुखदेव सिंह और अवतार सिंह को गिरफ्तार किया गया था और उनके पास से 2.5 किलोग्राम हेरोइन, 65 लाख रुपये की ड्रग मनी और अवैध हथियार बरामद किए गए थे। दोनों के खिलाफ हत्या व तस्करी के मामले दर्ज पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह रंधावा ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से ही कई मामले दर्ज हैं। 18 अक्टूबर 2023 को सुखदेव सिंह बठिंडा जेल से बाहर आया था। वहीं 4 सितंबर 2024 को अवतार सिंह जेल से बेल पर छूटा था। दोनों के खिलाफ हत्या, हत्या प्रयास से लेकर तस्करी के मामले दर्ज हैं। जेल से बाहर आने के बाद दोनों ने एक बार फिर से तस्करी के अपने पुराने धंधे को शुरू कर दिया था। अवैध हथियार भी बरामद इस बार की कार्रवाई में पुलिस ने उनके कब्जे से 10 किलोग्राम हेरोइन के अलावा पिस्तौल, राइफल और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ अमृतसर के गेट हकीमा थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों से पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां मिली हैं और आगे की जांच में इनके संपर्कों और नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है।


