भास्कर न्यूज | अंबिकापुर बालिकाओं में खेल की अभिरुचि बढ़ाने और उनको प्रोत्साहन करने भारतीय खेल प्राधिकरण भारत सरकार के तत्वावधान में छत्तीसगढ़ ताइक्वांडो संघ ने ताइक्वांडो सिटी लीग महिला प्रतियोगिता का आयोजन किया। यह आयोजन स्थानीय गांधी स्टेडियम में अंबिकापुर महापौर मंजूषा भगत के मुख्य आतिथ्य, ताइक्वांडो संघ छत्तीसगढ़ के महासचिव अनिल द्विवेदी की अध्यक्षता में हुआ। टूर्नामेंट में छत्तीसगढ़ राज्य के विभिन्न जिलों से पहुंचीं ओपन सीनियर और जूनियर ग्रुप की कुल 140 बालिकाओं ने भाग लिया। सिर्फ बालिकाओं के लिए जिले में पहली बार आयोजित इस राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में भाग लेने वाली बच्चियों का उत्साह देखते ही बनता था। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महापौर मंजूषा भगत ने कहा ताइक्वांडो एक खेल नहीं, बल्कि बालिकाओं को आत्मरक्षा के लिए सबल बनाने की युक्ति है। आज के दौर की हर बेटी को ताइक्वांडो जैसे खेल को अपनाना चाहिए। साथ ही मंजूषा ने कहा कि भारत सरकार खेलो इंडिया अभियान के माध्यम से महिलाओं-बालिकाओं के लिए विशेष रूप से खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन कर रही है, ताकि उनमें खेल के प्रति अभिरुचि के साथ अपनी प्रतिभा के दम पर देश का नाम रोशन करने का आत्मविश्वास पैदा हो सके। विशिष्ट अतिथि पार्षद विकास पांडे ने कहा कि हमारे शहर में संभाग और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन की पूरी सुविधा है, जिसका लाभ यहां के बच्चों को भी मिल रहा है। ताइक्वांडो संघ छत्तीसगढ़ के महासचिव अनिल द्विवेदी ने सभी प्रतिभागियों और अंबिकापुर की खेल प्रेमी जनता का आभार व्यक्त कर आगे भी ऐसे आयोजन करते रहने ताइक्वांडो संघ की प्रतिबद्धता जताई। कार्यक्रम का संचालन शक्ति वर्मा और आभार प्रदर्शन सचिव अशोक तिर्की ने किया। गायिका शताक्षी वर्मा ने सरस्वती वंदना गीत प्रस्तुत किया। इस दौरान अधिवक्ता जयेश वर्मा प्रशिक्षक राधेश्याम मानिकपुरी, दीपक तोमर, संजय सोनी, आशुतोष सिंह, शानू कश्यप के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।


