तिरुवनंतपुरम सेंट्रल से मदार के बीच होली स्पेशल ट्रेन शुरू:चित्तौड़गढ़ सहित कई स्टेशनों पर ठहराव, केरल से राजस्थान तक राज्यों को जोड़ेगी रेलसेवा

होली के त्योहार पर बढ़ती यात्री भीड़ को देखते हुए रेलवे ने तिरुवनंतपुरम सेंट्रल से मदार के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है। उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा शुरू की गई यह विशेष रेलसेवा केरल से राजस्थान तक कई राज्यों को जोड़ेगी और चित्तौड़गढ़ सहित प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेगी। रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार यह स्पेशल ट्रेन दो-दो ट्रिप में संचालित होगी। निर्धारित तिथियां और समय ट्रेन संख्या 06013 तिरुवनंतपुरम सेंट्रल से 4 मार्च और 11 मार्च को रवाना होगी। यह ट्रेन हर बुधवार सुबह 7:45 बजे प्रस्थान कर शुक्रवार सुबह 11 बजे मदार पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 06014 मदार से 7 मार्च और 14 मार्च को रवाना होगी तथा मंगलवार रात 12:45 बजे तिरुवनंतपुरम सेंट्रल पहुंचेगी। कई राज्यों को जोड़ेगी रेलसेवा यह स्पेशल ट्रेन केरल से शुरू होकर कर्नाटक, गोवा, महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश होते हुए राजस्थान पहुंचेगी। रास्ते में कोल्लम जंक्शन, एर्नाकुलम टाउन, त्रिशूर, कोझिकोड, कन्नूर, मंगलुरू, मडगांव, रत्नागिरी, पनवेल, वसई रोड, सूरत, वडोदरा, रतलाम, मंदसौर और नीमच जैसे प्रमुख स्टेशन आएंगे। राजस्थान में यह ट्रेन चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, बिजयनगर और अजमेर स्टेशनों पर ठहरेगी। इससे दक्षिण भारत से पश्चिम और उत्तर-पश्चिम भारत तक सीधा संपर्क स्थापित होगा। चित्तौड़गढ़ के यात्रियों को बड़ी राहत होली के दौरान दक्षिण भारत में कार्यरत या अध्ययनरत लोगों की घर वापसी के कारण नियमित ट्रेनों में लंबी वेटिंग की समस्या रहती है। इस स्पेशल ट्रेन के संचालन से यात्रियों को कन्फर्म सीट मिलने की संभावना बढ़ेगी। विशेष रूप से केरल, कर्नाटक और गोवा में काम करने वाले प्रवासी परिवारों को राहत मिलेगी। व्यापार और पर्यटन की दृष्टि से भी यह रेलसेवा महत्वपूर्ण साबित होगी, क्योंकि यह कई औद्योगिक और व्यापारिक शहरों को जोड़ती है। 22 कोच की विशेष व्यवस्था रेलवे के अनुसार इस स्पेशल ट्रेन में कुल 22 कोच लगाए गए हैं, जिनमें 20 द्वितीय शयनयान (स्लीपर) और 2 गार्ड डिब्बे शामिल हैं। अधिक स्लीपर कोच होने से सामान्य और मध्यम वर्ग के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। होली की भीड़ को देखते हुए यह विशेष व्यवस्था की गई है ताकि अधिक से अधिक यात्री सुरक्षित और आरामदायक यात्रा कर सकें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *