भास्कर न्यूज | बालोद छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल, रायपुर द्वारा आयोजित हायर सेकेंडरी मुख्य परीक्षा 12वीं का जिले के 111 परीक्षा केंद्रों में शुभारंभ हुआ। प्रथम दिवस जिला स्तरीय उड़नदस्ता दल द्वारा परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्र सरस्वती शिशु मंदिर बालोद में जिला शिक्षा अधिकारी मधुलिका तिवारी ने छात्रों के लिए अभिनव पहल की। डीईओ मधुलिका तिवारी व बीईओ मोहिनी यादव ने परीक्षा प्रारंभ होने से पहले विद्यार्थियों के मस्तक पर तिलक लगाया और मुंह मीठा कराकर उन्हें बिना भय और तनाव के परीक्षा को उत्सव के रूप में मनाने हेतु प्रोत्साहित किया। कक्षा 12वीं के लिए भौतिक शास्त्र और भूगोल विषय की परीक्षा आयोजित की गई। जिला स्तरीय उड़नदस्ता दल ने सेजेस कन्नेवाड़ा, सेजेस झलमला, शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जं/सांकरा और शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बघमरा के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। नकल का कोई प्रकरण नहीं पाया गया। शुक्रवार को जिले के 111 केंद्रों में सीजी बोर्ड परीक्षा शुरु हुई। पहले दिन भूगोल, भौतिकी विषय का पर्चा देने 48 परीक्षार्थी नहीं पहुंचे। जिसमें बालोद ब्लॉक के 8, गुरूर के 10, डौंडीलोहारा के सबसे ज्यादा 13, गुंडरदेही के 9 और डौंडी के 8 शामिल है। शिक्षा विभाग के अनुसार कुल 6 हजार 600 में से 6 हजार 552 परीक्षार्थी उपस्थित रहें। उड़नदस्ता टीम ने केंद्रांे का दौरा किया। इस दौरान एक भी नकल प्रकरण नहीं मिला। शनिवार को कक्षा 10वीं के छात्र-छात्राएं हिंदी विषय का पर्चा देंगे।


