भास्कर न्यूज | अलवर मनुमार्ग स्थित गुरुद्वारे में रविवार को तीन दिवसीय 102 वां गुरुमुख सम्मेलन शुरू हुआ। पहले दिन नगर कीर्तन निकाला गया और महिला संगत सहित 10 रागी जत्थों ने गुरबाणी का कीर्तन कर संगत को निहाल किया। इस दौरान लंगर भी हुआ। सुबह खंडेलवाल धर्मशाला के पास स्थित सुखधाम गुरुद्वारे से नगर कीर्तन शुरू हुआ। नगर कीर्तन में मार्ग बुहारती महिला संगत, पुष्प वर्षा, हाथों में बैनर लिए संत सुखदेव शाह नर्सिंग कॉलेज के छात्र-छात्राएं, गुरबाणी का कीर्तन करता रागी जत्था, सतनाम वाहे गुरु का उच्चारण करती संगत और काफी संख्या में संगत शामिल हुई। नगर कीर्तन के मनुमार्ग गुरुद्वारे पहुंचने पर संतरेन डॉ. हरभजन शाह सिंघ महाराज का उनकी पत्नी ने स्वागत किया। इसके बाद गुरुमुख सम्मेलन शुरू हुआ। जितेंद्र मदान ने अरदास कराई। इसके बाद सजे कीर्तन दीवान में सबसे पहले दिल्ली के प्रदीप सिंह रागी जत्था ने बसंत राग में गुरबाणी का कीर्तन कर संगत को निहाल किया। शाम को रहिरास साहिब का पाठ के बाद फिर से शाम का दीवान सजा जो रात 3 बजे तक चला। 5 हजार से अधिक संगत से लंगर छका। इससे पहले सुबह मनुमार्ग के गुरुद्वारे में नितनेम साहिब, सुखमनी साहिब का पाठ, चौपई साहिब के अलावा निशाना पूजा हुई। गुरुद्वारा सुखधाम में दिल्ली के बंगला साहिब गुरुद्वारा के हजूरी रागी जत्थे ने आसा दी वार का कीर्तन किया। जिला पुरुषार्थी की समिति की ओर से मनुमार्ग गुरुद्वारे के पास लगाई प्याऊ पर सुबह मिल्क रोज व दोपहर को छाछ वितरित की गई। प्याऊ पर केके मदान, राजेश मक्कड़, प्रेम भूषण, हरीश अरोड़ा, तिलक चावला, राकेश छाबड़ा, बलदेव अरोड़ा, राकेश अरोड़ा, सुमित, सुरेंद्र, राकेश अरोड़ा सहित अन्यों ने सेवा दी। मीडिया प्रभारी बसंत गांधी ने बताया कि हॉलैंड, अमेरिका, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब और उत्तराखंड की संगत गुरुमुख सम्मेलन में भाग लेने आ चुकी है।
सुबह 8.30 व शाम 7.30 बजे युवा मंडल, सुबह 9.30 व रात 9 बजे भाई ईश्वर सिंघ लुधियाना वाले, दोपहर 12 बजे व रात 11 बजे भाई गुरफतेह सिंघ शांत हजूरी रागी बंगला साहिब दिल्ली, दोपहर 12.45 बजे व रात 8 बजे भाई प्रदीप सिंघ दिल्ली वाले, दोपहर 1.30 बजे व रात 12 बजे भाई हरप्रीत सिंघ जम्मू वाले, दोपहर 2.15 बजे भाई गुरबचन सिंह, दोपहर 3 बजे स्त्री संगत, शाम 7 बजे भाई बसंत गांधी, रात 10 बजे भाई हरजोत सिंघ जख्मी जालंधर वाले, रात 1 बजे भाई जसवंत सिंह दाउदपुर वाले व रात 2 बजे भाई सुखजिंदर सिंह हजूरी रागी। आज ये कार्यक्रम होंगे सुबह 3 बजे नितनेम साहिब सुबह 4 बजे सुखमनी साहिब का पाठ, चौपाई साहिब सुबह 6 बजे आसा दी वार का कीर्तन सुबह 8.30 से 10.30 बजे तक दोपहर 12 से 3 बजे तक व शाम 7 से रात 3 बजे तक गुरबाणी का कीर्तन। सुबह 10.30 बजे संतरेन डॉ. हरभजन शाह सिंघ महाराज के प्रवचन।


