तीन लाख से अधिक की लूट का आरोपी गिरफ्तार:लिफ्ट देकर महिलाओं को लूटता था, लाखों का सामान बरामद, CCTV से पकड़ाया

बलौदाबाजार पुलिस ने महिलाओं को लिफ्ट देकर लूटने वाले एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी मनोज जोशी (41 वर्ष) ग्राम कुकराचुंदा का निवासी है और वर्तमान में भिलाई के सेक्टर 6 ए मार्केट में किराए पर रहता था। वह सुहेला और हथबंद थाना क्षेत्रों में कई वारदातों को अंजाम दे चुका है। पुलिस के अनुसार, प्रार्थिया खेमेश्वरी वर्मा (50 वर्ष) ने 7 फरवरी 2026 को दोपहर 12 बजे हुई एक घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि एक बाइक सवार ने उन्हें लिफ्ट दी। आरोपी ने अपना चेहरा स्कार्फ से ढका हुआ था। वह उन्हें ग्राम भटभेरा के पास एक नर्सरी के सुनसान इलाके में ले गया, जहां उसने डरा-धमकाकर उनके सोने-चांदी के जेवर और नकदी लूट ली और फरार हो गया। इस संबंध में सुहेला थाने में धारा 309(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी ने हथबंद क्षेत्र में भी इसी तरह की तीन अन्य वारदातों को अंजाम दिया था। इन सभी घटनाओं में उसने अकेली महिलाओं को लिफ्ट देने के बहाने निशाना बनाया था। सीसीटीवी फुटेज से आरोपी पकड़ाया पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सुहेला, हथबंद थाना और साइबर सेल की एक संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने सिमगा-हथबंद-सुहेला सड़क मार्ग पर लगे सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज की गहनता से जांच की। तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी मनोज जोशी की पहचान की गई और उसे हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ में उसने सुहेला में एक और हथबंद क्षेत्र में तीन लूट की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपी के पास से लाखों रुपए का लूटा गया सामान भी बरामद किया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मनोज जोशी एक शातिर और घुमक्कड़ प्रवृत्ति का अपराधी है। वह सुनसान इलाकों में बस या सवारी का इंतजार कर रही अकेली महिलाओं को अपना निशाना बनाता था। मदद के बहाने लिफ्ट देकर वह उन्हें एकांत स्थान पर ले जाता और धमकाकर उनके गहने और नकदी लूट लेता था। वारदात के समय वह अपना चेहरा स्कार्फ से ढका रखता था। आरोपी के खिलाफ चोरी के पांच मामले दर्ज पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि घटना में इस्तेमाल की गई बाइक जिला दुर्ग से चोरी की गई थी। आरोपी के खिलाफ जिला दुर्ग में चोरी के पांच मामले पहले से दर्ज हैं। आरोपी के कब्जे से तीन लाख का माल बरामद पुलिस टीम ने आरोपी के कब्जे से लगभग डेढ़ लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के जेवर, 78 हजार रुपए नकद, घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन और धमकाने में इस्तेमाल किया गया। साथ ही एक पेंचिस जब्त किया है। कुल मिलाकर पुलिस ने करीब तीन लाख रुपए का माल बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ थाना सुहेला में एक और थाना हथबंद में तीन सहित कुल चार मामले दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *