भास्कर न्यूज | लुधियाना लुधियाना में क्रिसमस के मौके पर ईसाई समुदाय के लोग जहां अपने घरों को विशेष रूप से सजाने में व्यस्त हैं। वहीं गिरजाघरों को भी रंग-बिरंगी लाइटों, क्रिसमस ट्री और बैलून से सजाया गया है। प्रभु यशु के जन्म की गाथा को सभी तक पहुंचाने और उन्हें जागरूक करने के लिए विशेष रूप से चरनी बनाई गई है। इसमें यह दर्शाया गया है कि प्रभु यशु का जन्म कैसे और कहां हुआ था। साथ ही, प्रभु यीशु के जन्म पर आधारित कई झांकियां भी सजाई गई हैं। कैथलिक लीडर एलबर्ट दुआ ने बताया कि इस साल कई लोगों ने घरों में भी प्रभु यशु जी के जीवन से जुड़ी झांकियां प्रस्तुत की हैं, ताकि उनके जीवन से संबंधित घटनाओं के बारे में और अधिक लोग जान सकें। इसके अलावा, घरों में भी धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। चर्चों में देर रात प्रार्थना सभा और भजन संध्या का आयोजन किया गया। इसमें सभी भक्तों ने एक साथ मिलकर प्रभु के नाम के कैरोल का गायन किया और क्रिसमस की बधाई दी। 25 दिसंबर को भी चर्च में क्रिसमस संबंधी विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। साथ ही इस दिन दोस्तों और रिश्तेदारों को गिफ्ट दिए जाएंगे, जिससे इस अवसर की खुशियां और बढ़ जाएंगी। शहर में सीएमसी नजदीक सीएनआई चर्च, सराभा नगर स्थित हॉली क्रास चर्च, शलोम फैलोशिप चर्च ईसा नगरी सहित 250 से अधिक चर्चों में देर रात कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें खुशियां मनाओ, खुशियां मनाओ, चिंता छोड़ो स्तुति करो, राजा यीशु आए हैं, निर्बल को बल देगा, रोगी को वो छू लेगा… आदि कैरोल गाए गए। इसके साथ ही प्रार्थना की गई तेरा राज्य आए। तेरी इच्छा जैसे स्वर्ग में पूरी होती है, वैसे पृथ्वी पर भी हो। इसके पश्चात 12 बजते ही सभी ने केक काटकर प्रभु यशु जी के आगमन की बधाई दी। पक्खोवाल रोड पर अ ल्बर्ट दुआ ने अपने घर के गार्डन को चर्च की तरह बनाया।