इंदौर के तुलसी नगर कॉलोनी के बी सेक्टर स्थित सोमेश्वर महादेव मंदिर में प्रथम प्राण प्रतिष्ठा दिवस बड़ी धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सोमेश्वर महादेव के महाभिषेक और हवन से हुई। दोपहर में श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से सुंदरकांड का पाठ किया। शाम को महादेव का विशेष श्रृंगार किया गया और मंदिर प्रांगण में महाआरती का आयोजन हुआ। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। आरती के बाद महादेव को 56 भोग अर्पित किए गए। इस अवसर पर खाटू श्याम की भजन संध्या भी हुई, इसमें सुप्रसिद्ध भजन गायक पीयूष भावसार ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। समारोह में मध्य प्रदेश बेसबॉल एसोसिएशन के महासचिव महेश जोशी, क्षेत्रीय पार्षद संगीता महेश जोशी सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान आयोजित महाप्रसादी में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।


