भास्कर न्यूज | राजनांदगांव बारिश थमने के बाद भीषण उमस ने लोगों को परेशान कर दिया है। ऐसे मौसम का विपरीत असर सेहत पर भी पड़ रहा है। मौसमी बीमारी से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ रही है। मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल जिले में बारिश थमी रहेगी। वहीं तापमान में भी इजाफा होगा। बता दें कि जिले में बीते चार से पांच दिनों से बारिश थम गई है। मौसम साफ हो गया है, वहीं तेज धूप निकल रही है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं भीषण उमस की स्थिति भी रही। दिन का तापमान औसत से 5 डिग्री अधिकतम बना हुआ है। वहीं रात भी गर्म होने लगी है। ऐसा मौसम लोगों की सेहत बिगाड़ रही है। मेडिकल कॉलेज हास्पिटल की ओपीडी में मौसमी बीमारी से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ गई है। इधर सब्जी फसलों के लिए तो यह मौसम फायदेमंद है। लेकिन धान सहित दूसरी फसलों पर तेज धूप की वजह से कीट का खतरा बढ़ जाता है। कीटनाशक के छिड़काव के लिए किसानों को अतिरिक्त खर्च करना पड़ता है।