सोमवार की शुरुआत चित्तौड़गढ़ में बदले हुए मौसम के साथ हुई। सुबह के समय शहर और आसपास के इलाकों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे सड़कों पर दृश्यता कुछ समय के लिए कम हो गई। हालांकि यह कोहरा ज्यादा देर तक नहीं टिका और थोड़ी ही देर में धूप निकल आई। धूप निकलते ही लोगों को राहत मिली और सामान्य दिनचर्या शुरू हो गई। खास बात यह रही कि सुबह के समय ठंड का खास असर देखने को नहीं मिला। वहीं मौसम विभाग ने आज भी बारिश होने की संभावना जताई है। बीती रात तेज बारिश और ओलावृष्टि हुई सोमवार से पहले बीती रात चित्तौड़गढ़ जिले में मौसम ने अचानक करवट ली। देर रात तेज बारिश हुई। जिले के कनेरा घाटा क्षेत्र में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई। ओले गिरने से खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीण इलाकों में किसानों ने बताया कि कुछ समय के लिए तेज बारिश और ओलों के कारण मौसम काफी खराब हो गया था, हालांकि बाद में हालात सामान्य हो गए। तापमान में लगातार हो रही बढ़ोतरी चित्तौड़गढ़ में पिछले कुछ दिनों से तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। रविवार को अधिकतम तापमान में 2 डिग्री की बढ़ोतरी हुई, जबकि न्यूनतम तापमान में 0.6 डिग्री का इजाफा दर्ज किया गया। रविवार को अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके मुकाबले शनिवार को अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। तापमान बढ़ने के कारण ठंड का असर अब लगभग खत्म होता नजर आ रहा है। बारिश हुई लेकिन ठंड का असर ज्यादा नहीं हालांकि बीती रात तेज बारिश हुई, लेकिन मौसम विभाग के अनुसार जिले में कुल बारिश सिर्फ 1 एमएम ही दर्ज की गई है। इस हल्की बारिश से मौसम में नमी बढ़ी है और हवा में ताजगी महसूस की जा रही है। शहर के कई हिस्सों में सुबह के समय सड़कों पर हल्की नमी नजर आई। बारिश के बाद भी तेज ठंड का असर नहीं दिखा, लेकिन मौसम में आए बदलाव को लोग साफ तौर पर महसूस कर रहे हैं। आगे के लिए मौसम विभाग का अलर्ट मौसम विभाग ने सोमवार को भी चित्तौड़गढ़ जिले में बारिश होने की संभावना जताई है। इसके साथ ही 4 फरवरी को घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है, खासकर सुबह और रात के समय यात्रा करने वालों को सतर्क रहने को कहा गया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव बना रह सकता है और मौसम का यह बदला हुआ मिजाज कुछ दिन और जारी रह सकता है।


