चूरू के रतनगढ़ में तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाई जा रही एक कार ने दूसरी कार को टक्कर मार दी। इस हादसे में चार लोग घायल हो गए और एक कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने पीड़ित कार मालिक की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रतनगढ़ पुलिस के अनुसार, तारानगर तहसील के गांव चंगोई निवासी सुरेश मेघवाल (36) ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। सुरेश बीदासर के एक कॉलेज में लेक्चरार हैं। उन्होंने बताया कि 20 फरवरी को वे घरेलू काम से झुंझुनूं गए थे। झुंझुनूं से बीदासर लौटते समय रास्ते में उन्हें उनके साथी सुनील, सुरेंद्र और विकास (निवासी बुडानिया) मिले। ये चारों भी अपनी कार से बीदासर आ रहे थे। जब वे रतनगढ़ तहसील के गांव बीरमसर के पास पहुंचे, तो सामने से आ रही एक कार के ड्राइवर ने लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाते हुए उनकी कार में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सुरेश की कार में सवार चारों लोगों को चोटें आईं और उनकी कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने सुरेश मेघवाल की रिपोर्ट के आधार पर सामने से आ रही कार के ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।


