जगराओं में तेज रफ्तार कार ने साइकिल सवार को टक्कर मारी दी, जिससे आज उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान कलाल माजरा निवासी जेठू सिंह के रूप में हुई है। हादसा रायकोट-बरनाला रोड पर हुआ। घटना 30 मार्च की सुबह की है। जेठू सिंह रोज की तरह साइकिल से रायकोट जा रहे थे। पेट्रोल पंप के पास रॉन्ग साइड से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी साइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल जेठू सिंह को पहले रायकोट के अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें लुधियाना और फिर चंडीगढ़ रेफर किया गया। चंडीगढ़ में इलाज के दौरान 9वें दिन उनकी मौत हो गई। घटना के बाद कार ड्राइवर मौके से फरार हो गया था। थाना सिटी रायकोट की पुलिस ने आरोपी कार ड्राइवर मनदीप सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मनदीप सिंह जोगेवाल डबवाली सिरसा का रहने वाला है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक के बेटे हरदीप सिंह ने बताया कि उनके रिश्तेदार रायकोट में रहते हैं, जो अभी ऑस्ट्रेलिया गए हुए हैं। उनके घर की देखभाल के लिए उनके पिता रोजाना रायकोट जाते थे।


