अलवर में पैदल जा रहे मौसेरे भाइयों को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। कार की टक्कर से एक युवक करीब 2 फीट तक उछला और पेड़ से टकराकर गिर गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरे युवक को कार काफी दूर तक घसीटते हुए ले गई। गंभीर घायल युवक का जयपुर में इलाज चल रहा है। हादसा शहर के अरावली विहार थाना क्षेत्र के रूपबास स्थित जगन्नाथ मंदिर के पास शनिवार रात एक बजे का है। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। अरावली विहार थाना के ASI धनपाल ने बताया- एक्सीडेंट में एक युवक की मौत हो गई। शव परिजनों को सौंप दिया है। दूसरा गंभीर घायल है। उसका हाथ फ्रैक्चर हुआ है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार ड्राइवर का पता लगा रहे हैं। देखिए, हादसे की PHOTOS… प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था युवक रैणी थाना क्षेत्र के गांव परवेणी निवासी सचिन मीणा (19) पुत्र उम्मेदाराम और उसका मौसेरा भाई आशीष मीणा (18) अलवर में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे। दोनों बीती रात किसी शादी समारोह में कैटरिंग का काम करने गए थे। काम खत्म होने के बाद रात करीब एक बजे वे पैदल ही कटी घाटी स्थित किराए के अपने कमरे की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान रूपबास जगन्नाथ मंदिर के सामने तेज रफ्तार में आ रही डिजायर कार ने टक्कर मार दी। हादसे में सचिन की मौके पर ही मौत हो गई। आशीष गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। आशीष को जयपुर रेफर कर दिया गया। सचिन के ताऊ कालूराम मीणा ने बताया कि सचिन के पिता उम्मेदाराम मजदूरी करते हैं। सचिन का एक भाई और है। रात में हमें किसी ने फोन कर सूचना दी तो हम तुरंत यहां पहुंचे। ……….. एक्सीडेंट की यह खबर भी पढ़ें… एक ही परिवार के 5 लोगों की अर्थी उठी:अंतिम संस्कार में उमड़ा पूरा गांव, सड़क हादसे में उजड़ गईं 4 पीढ़ियां सड़क हादसे में जान गंवाने वाले एक ही परिवार के 5 लोगों की अर्थियां रविवार को एक साथ निकलीं। इस हादसे में 4 पीढ़ियों ने जान गंवाई है। मां और तीन साल के बेटे के शव को एक ही अर्थी पर रखा गया था। हर ओर चीख-पुकार मची थी।पाली जिला मुख्यालय से करीब 22 किलोमीटर दूर भावनगर गांव (गुड़ा एंदला) में शोक का माहौल है। (पूरी खबर पढ़ें)


