डोंगरगढ़-खैरागढ़ मुख्य मार्ग पर शनिवार शाम सिघोला बांधा तालाब के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, युवक खैरागढ़ से डोंगरगढ़ की ओर आ रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने यातायात को नियंत्रित किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के थानों से संपर्क कर उसकी पहचान की कोशिश कर रही है। स्थानीय लोगों ने इस घटना के बाद ट्रैफिक व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनकी मांग है कि इस क्षेत्र में स्पीड ब्रेकर और सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।


