बिलासपुर | तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से स्कूटी सवार दो लोगों की मौत हो गई। हेलमेट नहीं पहनने के कारण सिर में गंभीर चोट लगने से यह दुर्घटना घातक साबित हुई। घटना कोटा थाना क्षेत्र की है। ग्राम अमाली निवासी रवि कुमार, पिता दुलारी राम (40), रविवार को अपने साथी श्यामू भैना, पिता मंगल राम (40), के साथ स्कूटी क्रमांक सीजी 10 ईएच 4328 से पोड़ी गए थे। दोपहर में दोनों वहां से लौट रहे थे। दोपहर करीब 3 बजे पोड़ी बस्ती चौक के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर क्रमांक सीजी 28 आर 7762 ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों के सिर पर गंभीर चोट लगी और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। रवि कुमार और श्यामू गांव में रोजी-मजदूरी करते थे। दोनों ने हेलमेट नहीं पहना था। इसके कारण सिर पर गंभीर चोट लगी, जिससे हादसा घातक हो गया।


