अलवर के अरावली विहार थाना क्षेत्र में रूपबास पुलिया के समीप शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें तान्या रिसोर्ट के मैनेजर हेमंत सैनी निवासी शिव नगर 200 फुट रोड की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जसवंत नामक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही अरावली विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक हेमंत सैनी और घायल जसवंत को जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में हेमंत सैनी के शव को मोर्चरी में रखवाया गया है, वहीं घायल जसवंत का इलाज चल रहा है। मृतक हेमंत सैनी राजगढ़ रोड स्थित तान्या रिसॉर्ट में मैनेजमेंट का कार्य संभालता था। वह रिसॉर्ट से बाइक लेकर अपने घर शिव नगर लौट रहा था। इसी दौरान रूपबास पुलिया के पास ट्रैक्टर ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ASI गीता देवी ने बताया कि थाने पर सड़क हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर हेमंत सैनी अपनी बाइक के पास मृत अवस्था में पड़ा मिला, जबकि जसवंत कुछ दूरी पर गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला।


