लुधियाना| तेज रफ्तार थार गाड़ी ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा शनिवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे समराला चौक के पास हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि थार गाड़ी भी संतुलन खोकर सड़क किनारे पलट गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। उन्होंने थार में सवार दो युवकों को बाहर निकाला। वहीं घायल युवक खून से लथपथ हालत में सड़क पर पड़ा था। थार सवार युवकों ने 108 एंबुलेंस को कॉल कर घायल को सिविल अस्पताल लुधियाना भिजवाया। बताया जा रहा है कि अस्पताल में भर्ती करवाने के बाद थार सवार युवक वहां से चले गए। बाद में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की टीम मौके पर पहुंची और पलटी हुई थार गाड़ी को टो करवा लिया। अस्पताल में घायल युवक की पहचान यादविंदर के रूप में हुई है, जो समराला चौक के पास का रहने वाला है। यादविंदर ने बताया कि वह सुबह सब्जी मंडी से सामान लेने जा रहा था। जैसे ही वह चौक के नजदीक पहुंचा, तभी तेज रफ्तार से आई थार गाड़ी ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह बेहोश हो गया और सड़क पर गिर पड़ा। हादसे में उसकी एक टांग टूट गई है और चेहरे पर भी गंभीर चोटें आई हैं। बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। अस्पताल प्रशासन ने घटना की सूचना संबंधित थाना पुलिस को दे दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सड़क किनारे पलटी थार। बाइक चालक अस्पताल में भर्ती ।


