तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से छात्रा घायल:रामानुजगंज में स्कूल से लौट रही थी, युवक हिरासत में

बलरामपुर जिले के रामानुजगंज नगर के व्यस्त स्टेट बैंक रोड पर सोमवार दोपहर 12 बजे के करीब एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने स्कूल से घर लौट रही छात्रा को टक्कर मार दी। इस हादसे में छात्रा घायल हो गई, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, लिटिल फ्लावर स्कूल की कक्षा चौथी की छात्रा नयना (पिता – बबलू प्रसाद) वार्ड क्रमांक 3 रामानुजगंज स्कूल की छुट्टी के बाद घर जा रही थी। स्कूल मोड़ के पास तेज गति से आ रहे बाइक सवार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चालक नियंत्रण खो बैठा और बाइक लगभग 50 मीटर तक घिसटती चली गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बाइक सवार युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घायल छात्रा को उपचार के लिए 100 बिस्तर अस्पताल भेजा गया है, जहां उसका इलाज जारी है। थाना प्रभारी अजय साहू ने बताया कि नगर में तेज रफ्तार वाहन चलाने वालों और नाबालिगों द्वारा बाइक चलाने की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए पुलिस विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करेगी। नगरवासियों ने भी व्यस्त मार्गों पर पुलिस गश्त बढ़ाने और तेज रफ्तार वाहन चालकों के विरुद्ध कठोर कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *