तेज रफ्तार बाइक पेड़ से टकराई किशोर की मौके पर ही हुई मौत

भास्कर न्यूज | प्रतापपुर बनारस रोड स्थित सकलपुर में रविवार को तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बरगद के पेड़ से जा टकराई। हादसे में बाइक चालक 17 वर्षीय किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दो अन्य नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्राम बोझा निवासी तीनों किशोर एक ही बाइक क्रमांक सीजी 15 सीपी 6949 पर सवार होकर बनारस रोड की ओर जा रहे थे। बाइक की गति काफी तेज थी, जिसके कारण सकलपुर के पास चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और बाइक सीधे बरगद के पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में सोनू अगरिया (17 वर्ष), पिता उकील अगरिया की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, मनीष अगरिया (15 वर्ष) और ओम प्रकाश अगरिया (13 वर्ष) घायल हो गए। अस्पताल में दोनों का इलाज जारी है। टक्कर की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तत्काल घायलों की मदद की और एम्बुलेंस को सूचना दी। पुलिस और एम्बुलेंस की मदद से तीनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां सोनू को मृत घोषित कर दिया गया। अन्य दो घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। घटना की सूचना पर प्रतापपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त किया और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, हादसे का मुख्य कारण तेज रफ्तार और ट्रिपल राइडिंग (एक बाइक पर तीन सवार) है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *