भास्कर न्यूज | लुधियाना चंडीगढ़ रोड कोहाड़ा चौक के समीप नवनिर्मित श्री खाटू श्याम सालासर मंदिर में महाशिवरात्रि महोत्सव के उपलक्ष्य में साप्ताहिक श्री श्याम संकीर्तन का आयोजन किया। दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने बाबा के चरणों में हाजिरी लगाई। संकीर्तन की शुरुआत आचार्य दीपक पाण्डेय और उनकी टीम द्वारा मंत्रोच्चारण और विधिवत पूजन से की गई। इस अवसर पर प्रदीप मित्तल और एके जौहरी परिवार द्वारा बाबा का अलौकिक शृंगार विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। देशी और विदेशी फूलों से महकते बाबा के भव्य स्वरूप के दर्शन कर भक्त भाव-विभोर हो गए। मुख्य यजमान के रूप में ट्रस्ट के समस्त सदस्यों ने बाबा की अखंड ज्योति प्रज्वलित कर संकीर्तन का शुभारंभ किया। मालेरकोटला से आए भजन गायक संदीप शर्मा ने जब तेरे दरबार में बाबा खुशी मिलती है जैसे मधुर भजनों की प्रस्तुति दी तो पूरा पंडाल झूमने पर मजबूर हो गया। ट्रस्टी प्रदीप मित्तल, संदीप अग्रवाल, एलआर मित्तल और अनिल मित्तल ने कहा कि बाबा के दरबार में जो भी भक्त सच्ची श्रद्धा लेकर आता है, वह कभी खाली हाथ नहीं लौटता। मंदिर में हर बीतते सप्ताह के साथ भक्तों की संख्या और बाबा के प्रति अटूट विश्वास बढ़ता जा रहा है। इस धार्मिक आयोजन में हरीश गर्ग, अभिषेक गुप्ता, विनोद गोयल, मनीष बाजरी, संजय अग्रवाल, सुनील गोयल, अतुल वालिया, संदीप गोयल, विनय कुमार, केके गर्ग, विजय कुमार गोयल, नीरज गुप्ता, विजय भल्ला, बलराज शर्मा और रवि गोयल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। संकीर्तन के समापन पर बाबा का भोग लगाकर श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया।


