तेलीबांधा तालाब पार्किंग मुद्दा:रोजाना वॉक करने वालों की 200 गाड़ियां, अब इनकी पार्किंग के लिए बनाया जाएगा ​ग्रीन जोन

तेलीबांधा तालाब किनारे सड़क पर वाहन खड़े करने वालों से नगर निगम एक बार फिर पार्किंग शुल्क वसूलने की तैयारी में है। निगम का कहना है कि शाम के समय जाम और अव्यवस्थित पार्किंग से निपटने के लिए यह व्यवस्था जरूरी है। इसी क्रम में पुलिस ने भी जाम की समस्या को देखते हुए तालाब किनारे बने फुटपाथ पर रैंप बनाकर उसे पार्किंग के रूप में उपयोग करने का प्रस्ताव निगम को भेजा है। निगम का दावा है कि शुल्क लागू करने से पहले मौके पर सर्वे कराया गया है और इवनिंग वॉक पर आने वालों को राहत देने की योजना भी बनाई गई है। इसके तहत अलग से ग्रीन जोन विकसित कर निशुल्क पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। आंकड़ों के मुताबिक वीकेंड पर शाम 5 बजे से रात 12 बजे तक यहां 600 से अधिक बाइक और 100 से ज्यादा कारें रोटेशन में पार्क होती हैं। इस दौरान करीब 1600 लोग इलाके में मौजूद रहते हैं। वीकेंड पर लेन से बाहर वाहन खड़े करने पर लगभग 70 ई-चालान कटते हैं, जबकि सामान्य दिनों में यह संख्या 40 से 50 रहती है। गौरतलब है कि पहले सड़क के एक लेन को पार्किंग बनाकर शुल्क वसूलने के प्रस्ताव का शहरवासियों और विपक्ष ने कड़ा विरोध किया था। विरोध के बाद ही निगम ने दोबारा सर्वे कराया है। इस तरह समझें…तालाब की क्रोनोलॉजी तेलीबांधा तालाब को सुंदर बनाने 2010 में करोड़ों खर्च किए गए।
तालाब की सौंदर्यीकरण के बाद लोगों के टहलने के लिए पाथवे बनाया।
बच्चों के खेलने के लिए तालाब किनारे गार्डन बनाए गए ।
सुबह-शाम वॉक पर आने वालों के लिए ओपन जिम बनाए गए।
तालाब से पैसा कमाने के लिए वेंडिंग जोन बनाए गए।
फिर कमर्शियल एडवेंचर गेम जोन बनाए गए।
तालाब के किनारे ही स्थायी फूड कोर्ट बनाकर निगम लाखों रुपए वसूल रही।
अब यहां आने वालों से सड़क पर गाड़ी खड़ी करने का भी पैसा वसूलने की तैयारी है।
सर्वे के बाद निगम ने लिया फैसला महापौर मीन चौबे ने कहा कि हमने पहले पार्किंग की स्थिति को लेकर टीम से सर्वे कराया है। यहां शाम के समय करीब 170 बाइक और 60 कारें वाक पर आने वालों की होती है। वाक करने वाले गाड़ी खड़ी कर टहलते हैं और आधे से एक घंटे समय बिताकर जल्दी चले जाते हैं। जबकि रेस्टोरेंट्स में घंटों बैठने वालों की संख्या अधिक होती है। इनकी गाड़ियों से ही पार्किंग वसूली करेंगे। वहीं इवनिंग वॉक पर आने वालों के लिए ग्रीन जोन तैयार किया जाएगा। यहां करीब 200 बाइक और 70 कारों की पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। पार्किंग सिर्फ शाम के समय वसूला जाएगा। जाम से निजात के लिए रैंप बनवाएगी पुलिस कमिश्नरेट लागू होने के बाद पुलिस ने शहर का सर्वे कर 40 सड़क और चौक को चिन्हित किया है, जहां सबसे ज्यादा जाम लगता है। इसमें तेलीबांधा तालाब के सामने की सड़क भी शामिल है। यहां जाम की मुख्य वजह सड़क पर बेतरतीब तरीके से खड़ी होने वाली गाड़ियां हैं। इसलिए ट्रैफिक पुलिस ने प्रस्ताव तैयार किया है कि तालाब किनारे जो फुटपाथ बनाया गया है, उसमें रैंप बनाया जाए। इससे बाइक फुटपाथ पर खड़ी होगी और चारपहिया सड़क पर। इससे गाड़ियों का दबाव कम हो जाएगा। वहीं, अंदर बने पाथवे पर लोग वॉक कर सकेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *