रांची नगर निगम और बुंडू नगर पंचायत का चुनाव 23 फरवरी को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। रांची के 10,27,723 मतदाता मेयर के लिए खड़े 11 प्रत्याशियों आैर 53 वार्ड के लिए खड़े 364 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। रांची के 53 वार्ड में चुनाव कराने के लिए 909 आैर बुंडू के 13 वार्डों में चुनाव कराने के लिए 16 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। 18 वर्षों के बाद बैलेट पेपर से हो रहे चुनाव में प्रशासन ने 60 प्रतिशत मतदान का लक्ष्य रखा है। इसके लिए सभी मतदान केन्द्रों पर पहला वोट डालने वाले एक महिला आैर एक पुरुष मतदाता को फर्स्ट वोटर सर्टिफिकेट दिया जाएगा। मोरहाबादी के रेडक्रॉस स्थित सात मतदान केन्द्रों को पिंक बूथ बनाया गया है। यहां सभी मतदानकर्मी महिलाएं रहेंगी। एटीआई स्थित मतदान केन्द्र को मॉडल बूथ बनाया गया है। यहां वीआईपी का वोट अधिक होता है, इसलिए साज-सजावट के साथ सेल्फी प्वाइंट भी बनाया गया है। रांची में 422 आैर बुंडू में 16 बूथों पर व्हील चेयर की व्यवस्था की गई है, ताकि बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं को किसी तरह की दिक्कत न हो। डीसी ने लिया तैयारियों का जायजा, शहर की सुरक्षा बढ़ाई गई रांची डीसी मंजूनाथ भजंत्री आैर एसएसपी सहित पूरा प्रशासनिक अमला शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने में लगा है। डीसी ने शनिवार को देर शाम मोरहाबादी स्थित डिस्पैच सेंटर का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सेक्टर वाइज पोलिंग पार्टियों को रवाना करने का निर्देश दिया। सभी पोलिंग पार्टिंयों को समय पर डिस्पैच सेंटर पहुंचने आैर मतदान सामग्री, बैलेट पेपर, सुरक्षा उपकरण, आवश्यक रिकॉर्ड लेकर रवाना होने के लिए कहा गया है। पोलिंग पार्टियों की रवानगी से पहले पूरे शहर की सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। प्रमुख सड़कों पर वाहनों की जांच, अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ छापेमारी शुरू कर दी गई है। ऐसे देखें किस बूथ पर है नाम स्टेप-1 : वेबसाइट पर जाकर ranchi.nic.in टाइप कर साइट खोलें। स्टेप-2 : होमपेज पर जाकर MUNICIPAL ELECTION RANCHI 2026 विकल्प पर क्लिक करें। स्टेप-3 : यहां VOTER LIST RANCHI 2026 या Voter List BUNDU का विकल्प दिखेगा। रांची के लिए वोटर लिस्ट रांची पर क्लिक करें। स्टेप-4 : यहां 1 से 53 वार्ड की लिस्ट दिखेगी। आप अपने वार्ड नंबर के ऊपर क्लिक करें, पीडीएफ फाइल खुलेगी। यहां बूथ नंबर, लोकेशन, मैप लिंक दिखेगा। इससे अपने मतदान केंद्र तक पहुंचा जा सकता है। स्टेप-5 : वार्ड लिस्ट को खोलने पर दाईं ओर तीन डॉट दिखेंगे। उसे क्लिक करने पर फाइंड विकल्प खुलेगा। यहां अपने वोटर कार्ड का 10 अंकों का एपिक नंबर दर्ज करें। लिस्ट में आपका नाम, वार्ड नंबर, बूथ नं. सहित पूरी जानकारी सामने आ जाएगी। वोटर कार्ड में है एपिक नंबर, इसकी मदद से ढूंढ सकेंगे नाम रांची नगर निगम के 53 वार्डों में आने वाले 909 बूथों के विखंडन के दौरान बड़ी लापरवाही की गई। सहायक निर्वाची पदाधिकारियों ने ग्राउंड पर जाकर सर्वे किए बिना बूथों का विखंडन कर दिया। जिससे हजारों मतदाताओं का वार्ड व बूथ नंबर बदल गया है। कई घरों में पति-पत्नी, तो कहीं मां-बेटा का अलग-अलग वार्ड व बूथ हो गया है। सैकड़ों वोटरों के घर तक मतदाता पर्ची भी नहीं पहुंची। ऑनलाइन वोटर लिस्ट में नाम खोजना काफी मुश्किल था। इसलिए प्रशासन ने शनिवार शाम को अॉनलाइन मोड में एपिक नंबर से वोटर सर्च का विकल्प खोला है। पांच स्टेप में जानें किस बूथ पर है आपका नाम
रांची नगर निगम चुनाव में मात्र 24 घंटे बचे हैं। लेकिन अभी भी शहर के कई क्षेत्रों में मतदाताओं को मतदाता पर्ची नहीं मिली है। प्रशासन की आेर से सभी 10,27,723 मतदाताओं तक मतदाता पर्ची पहुंचाने का दावा किया गया था, लेकिन यह सफल नहीं हो पाया। हजारों मतदाताओं का वार्ड आैर बूथ बदलने की वजह से प्रत्याशी को भी अपने क्षेत्र के मतदाताओं का नाम नहीं मिल रहा है, क्योंकि मतदाता सूची में पहले से दर्ज वोटर किसी दूसरे वार्ड में चले गए हैं। इस वजह से मतदाता काफी परेशान हैं। लेकिन प्रशासन ने शनिवार को देर शाम मतदाताओं की सुविधा के लिए ऑनलाइन मतदाता सूची जांचने की व्यवस्था शुरू कर दी है। अब आप पांच स्टेप में जांच सकते हैं कि मतदाता सूची में उनका नाम कहां है आैर वे किस बूथ पर वोट डाल सकते हैं।


