धौलपुर पुलिस ने निहालगंज थाना क्षेत्र में त्यागी छात्रावास के सामने हुई फायरिंग की घटना का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में इस्तेमाल किए गए दो अवैध कट्टे (315 बोर) भी बरामद किए हैं। यह कार्रवाई धौलपुर पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देश पर निहालगंज थानाधिकारी अमित कुमार शर्मा के नेतृत्व में की गई। पीड़ित विनोद कुमार (45 वर्ष, निवासी पहाड़ी, थाना दिहोली) ने 29 जनवरी 2026 को इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। विनोद कुमार के अनुसार, जब वह त्यागी छात्रावास पर बैठे थे, तभी कुछ लोगों ने उनके साथ थप्पड़ और ईंट-पत्थरों से मारपीट की। हमलावरों ने उन्हें जान से मारने की नीयत से कट्टे से फायर किया। गोली विनोद कुमार के दाहिने पैर के घुटने के ऊपर लगी, जिससे वह घायल हो गए। इस घटना के संबंध में निहालगंज थाने में मुकदमा संख्या 30/2026, धारा 189(2), 115(2), 126(2), 109(1) बीएनएस के तहत दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया था। पुलिस टीम ने हरेन्द्र उर्फ नरेन्द्र (34 वर्ष, निवासी विचपुरी, थाना दिहौली), राजकुमार (25 वर्ष, निवासी फूलपुर, थाना मनियां) और कमलेश (31 वर्ष, निवासी विचपुरी, थाना दिहौली) को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास से दो अवैध 315 बोर के कट्टे जब्त किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि यह मामला अभी भी जांच के अधीन है। यदि घटना में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता पाई जाती है, तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


