गौरेला में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के बाद मतगणना में देरी को लेकर विवाद हो गया। क्षेत्र क्रमांक 4 की जिला पंचायत प्रत्याशी सरिता राठौर ने मतगणना प्रभावित करने का आरोप लगाते हुए सभी बूथों में पुनर्गणना की मांग की है। सोमवार को गिरवर मतदान केंद्र में समर्थकों ने हंगामा किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए SP सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल को मौके पर बुलाना पड़ा। पुलिस ने उपद्रवियों को वहां से खदेड़ा और सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त में मतदान दल को वापस लाया गया। मतगणना में देरी को लेकर विवाद दरअसल, पंचायत चुनाव के बाद शाम 4 बजे से मतगणना शुरू हो गई थी। लेकिन देर रात तक नतीजे जारी नहीं हुए, काउंटिंग जारी थी। मतगणना में देरी को लेकर प्रत्याशियों के समर्थक हंगामा करने लगे जिससे मतगणना में और देरी हुई। सभी बूथों में पुनर्गणना की मांग क्षेत्र क्रमांक 4 की जिला पंचायत प्रत्याशी सरिता राठौर ने इस मामले में जिला निर्वाचन अधिकारी से शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने मतगणना को प्रभावित करने का आरोप लगाते हुए सभी बूथों में पुनर्गणना की मांग की है। मामले में प्रशासन सतर्क मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है। स्थानीय प्रशासन ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए हैं।


