पाली के सुमेरपुर सदर थाना परिसर के बाथरूम में रखे एसिड को पीने वाले युवक की इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। 1 मार्च की शाम को पालनपुर (गुजरात) के निजी हॉस्पिटल में मौत के बाद परिजन मुआवजे की मांग को लेकर अड़ गए। प्रशासन की समझाइश के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए राजी हो गए। मंगलवार सुबह शव परिजन अपने साथ ले गए। मुआवजे की मांग पर अड़े रहे परिजन युवक का इलाज पालनपुर के निजी हॉस्पिटल में चल रहा था, जहां 1 मार्च की शाम उसने दम तोड़ दिया। 2 मार्च को परिजन शव लेकर सुमेरपुर पहुंचे और हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया। परिजन और ग्रामीण मृतक के परिवार को मुआवजा दिलाने की मांग पर अड़े रहे। बाद में प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश के बाद वे पोस्टमॉर्टम के लिए तैयार हुए। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराए जाने के बाद सोमवार शाम शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसे वे मंगलवार सुबह ले गए। गुमशुदगी प्रकरण से जुड़ा है मामला जानकारी के अनुसार 3 नवंबर 2025 को सुमेरपुर सदर थाने में एक विवाहिता की गुमशुदगी दर्ज हुई थी। 14 फरवरी को पुलिस ने युवती और उसे साथ ले जाने वाले सिरोही जिले के शिवगंज क्षेत्र के युवक को पकड़कर थाने लाया। दोनों पक्षों के परिजन भी थाने में मौजूद थे। पूछताछ के दौरान विवाहिता ने अपने माता-पिता के साथ जाने की इच्छा जताई, जिसके बाद पुलिस ने उसे परिजनों के साथ भेज दिया। महिला के जाने से नाराज होकर पीया ज्वलनशील पदार्थ महिला को परिजनों के साथ भेजे जाने से युवक नाराज हो गया और थाना परिसर के बाथरूम में चला गया। कुछ देर बाद बाहर आकर उसने बताया कि उसने वहां रखी बोतल में भरा एसिड जैसा पदार्थ पी लिया है। तुरंत उसे सुमेरपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां से पाली रेफर किया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जोधपुर भेजा गया। बाद में 23 फरवरी को परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए पालनपुर के निजी अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वीडियो : नरेश मालवीय, सुमेरपुर — संबंधित ये खबर भी पढ़ें … लव-अफेयर में युवक ने थाना परिसर में एसिड पीया: दूसरे की पत्नी के साथ पुलिस ने पकड़ा था, हालत गंभीर, जोधपुर रेफर पाली के सुमेरपुर थाना परिसर में युवक ने एसिड पी लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। उसे फौरन सुमेरपुर हॉस्पिटल लेकर गए। पूरी खबर पढ़िए


