बजट में संसाधन बढ़ाने पर नहीं दिखा जोर रांची | आम लोगों की सुरक्षा बेहतर हो, विधि व्यवस्था और सुदृढ़ हो, इसपर बजट में कुछ खास नहीं दिखा। जबकि बजट सत्र में 27 फरवरी को विधायक राजेश कच्छप ने शून्य काल में ये प्रश्न किया था कि रांची सहित जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के थानों में पर्याप्त संसाधन उपलब्ध नहीं हैं। थानों में न बेहतर वाहन हैं, न उनमें डीजल की व्यवस्था है। इस वजह से समय पर कार्य का निष्पादन नहीं हो पाता है। थाना में पर्याप्त मात्रा में वाहन नहीं होने की वजह से घटनास्थल पर पुलिस समय से पहुंच नहीं पाती। उन्होंने सरकार से मांग की थी कि थानों में पर्याप्त मात्रा में वाहन उपलब्ध कराया जाए, लेकिन बजट में संसाधन बढ़ाने की बात नहीं दिखी। थानों में 10 से 15 साल पुराने वाहनों से किसी तरह से काम चलाया जा रहा है। कई थानों में तो ऐसे वाहन हैं कि बाइक से अगर कोई अपराधी भागे तो उसका पीछा तक पुलिस के वाहन तेजी से नहीं कर सकते।


