लुधियाना। सलेम टाबरी इलाके में हुई हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने मुख्य आरोपी शमशेर उर्फ शेरा और उसकी पत्नी कुलदीप कौर को लुधियाना की अनाज मंडी से गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी वहां एक शेड के नीचे छिपे हुए थे। एडीसीपी-1 समीर वर्मा ने बताया कि वारदात के बाद आरोपी अमृतसर स्थित अपने गांव फरार हो गया था, लेकिन गांव वालों के विरोध के चलते उसे वहां से भगा दिया गया। इसके बाद वह लुधियाना लौट आया और अनाज मंडी इलाके में छिपने की कोशिश कर रहा था। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी शमशेर और मृतक दविंदर पिछले 6–7 साल से एक-दूसरे को जानते थे और दोनों नशे के आदी थे। दविंदर मुंबई में इंजीनियर के रूप में कार्यरत था। जब भी वह लुधियाना आता, पहले अपने घर जाता और बाद में शमशेर से मिलने उसके घर पहुंचता था। मंगलवार को भी दविंदर ने शमशेर को फोन किया था, जिसके बाद शमशेर उसे रेलवे स्टेशन से लेकर अपने घर गया। पुलिस के अनुसार, घर पर दोनों ने चिट्टे का सेवन किया। इसी दौरान पुराने पैसों के लेन-देन और अन्य बातों को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। झगड़े के दौरान शमशेर ने दविंदर पर हमला किया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। मौत के बाद घबराए आरोपी ने करीब दो घंटे तक शव को काटा। शव को छह टुकड़ों में इसलिए काटा गया ताकि उन्हें आसानी से ठिकाने लगाया जा सके।


