दतिया में बीते सोमवार को रेलवे स्टेशन के पास मालगाड़ी से कटकर हुई अज्ञात युवक की मौत के मामले में पुलिस ने मंगलवार को मृतक की पहचान कर ली है। मृतक की शिनाख्त चुनगर फाटक निवासी 40 वर्षीय प्रदीप अहिरवार के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, प्रदीप हरियाणा में किसी निजी कंपनी में काम करने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान दतिया रेलवे स्टेशन के पास वह ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में यह हादसा प्रतीत हो रहा है। आशंका है कि स्टेशन परिसर में पटरी पार करते समय युवक ट्रेन की चपेट में आया होगा। घटना के बाद पुलिस ने शव को जिला अस्पताल पहुंचाकर पोस्टमार्टम कराया। मृतक के पास से मिले जूते, अन्य सामान और टूटे हुए मोबाइल फोन के सिम कार्ड के आधार पर पुलिस ने परिजनों तक संपर्क साधा। सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने शव की पहचान की। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।


