दतिया में रात में बूंदाबांदी, न्यूनतम तापमान 12 डिग्री पहुंचा:ठंडी हवाओं से बढ़ी ठिठुरन, अगले दो दिन भी बारिश के आसार

दतिया में रविवार की रात शहर में मौसम ने एक बार फिर करवट ली। देर रात हल्की बूंदाबांदी हुई, जिससे सुबह शहर की सड़कों और गलियों में नमी नजर आई। लोगों को कहना है कि फागुन का महीना शुरू हो चुका है, लेकिन मौसम सावन जैसा बना हुआ है। कभी तेज धूप निकलती है, तो कुछ ही देर में बादल छा जाते हैं और हल्की बारिश या बूंदाबांदी शुरू हो जाती है। इस बदलते मौसम से आम लोग ही नहीं, किसान भी चिंतित हैं। सुबह के समय विजिबिलिटी 800 मीटर से अधिक दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान बढ़ा, ठंडक बरकरार मौसम विभाग के अनुसार बादलों की मौजूदगी के कारण रात के तापमान में गिरावट थम गई है। न्यूनतम तापमान बढ़कर 12 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। दिन में हल्की धूप जरूर निकल रही है, लेकिन ठंडी हवाओं के कारण मौसम में ठंडक बनी हुई है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों तक मौसम इसी तरह बना रहेगा। 6 फरवरी से फिर बारिश की संभावना मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 6 फरवरी से एक बार फिर बारिश का दौर शुरू हो सकता है। यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण हो रहा है। लगातार हो रही बूंदाबांदी और संभावित बारिश का असर फसलों पर भी साफ दिखाई दे रहा है। किसानों के अनुसार गेहूं और चना की फसल के लिए यह बारिश अमृत समान है। इससे खेतों में नमी बनी रहेगी और पैदावार अच्छी होने की उम्मीद है। वहीं सरसों की फसल के लिए यह बारिश नुकसानदायक हो सकती है, क्योंकि फूल और फलियों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। बारिश के बाद बढ़ी यूरिया की मांग बारिश से खेतों में नमी बढ़ने के बाद अब किसानों को यूरिया खाद की जरूरत महसूस हो रही है, ताकि फसलों की बढ़वार सही तरीके से हो सके। लेकिन खाद की उपलब्धता को लेकर किसान परेशान हैं। किसानों का कहना है कि ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से यूरिया खाद की बुकिंग नहीं हो पा रही है। कई किसान सहकारी समितियों और बिक्री केंद्रों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन समय पर खाद नहीं मिल पा रही है। किसानों का आरोप है कि अगर मौसम अनुकूल होने के बावजूद समय पर खाद नहीं मिली, तो फसल पर इसका बुरा असर पड़ेगा। किसानों ने प्रशासन और कृषि विभाग से मांग की है कि ऑनलाइन बुकिंग की समस्या जल्द दूर की जाए और पर्याप्त मात्रा में यूरिया खाद उपलब्ध कराई जाए। पिछले दिनों का तापमान 2 फरवरी : अधिकतम —, न्यूनतम 12 1 फरवरी : अधिकतम 22.5, न्यूनतम 12.7 31 जनवरी : अधिकतम 21.8, न्यूनतम 8.2 30 जनवरी : अधिकतम 22.3, न्यूनतम 9.0 29 जनवरी : अधिकतम 20.7, न्यूनतम 11.8 28 जनवरी : अधिकतम 22.0, न्यूनतम 14.5

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *