दबिश: 9 बोरी पान पसंद गुटखा जब्त, सैंपल लैब भेजे

भास्कर न्यूज| महासमुंद जिला प्रशासन और खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने सोमवार को स्थानीय गंजपारा क्षेत्र में औचक निरीक्षण कर मिलावटखोरों और संदिग्ध खाद्य पदार्थों के कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई की है। इस कार्रवाई के दौरान दो व्यापारिक प्रतिष्ठानों से कुल 9 बोरी संभावित प्रतिबंधित गुटखा जब्त किया गया है। अभिहित अधिकारी उमेश वर्मा के नेतृत्व में विभाग की टीम ने सोमवार को गंजपारा स्थित मेसर्स मनभावन एजेंसी और मेसर्स हरीश जनरल स्टोर पर अचानक धावा बोला। टीम के पहुंचते ही बाजार क्षेत्र के अन्य व्यापारियों में भी हड़कंप मच गया। विभाग को लंबे समय से इन क्षेत्रों में संदिग्ध गुटखा और पान मसाला की बिक्री की सूचना मिल रही थी। जांच के दौरान टीम ने पाया कि इन फर्मों में पान पसंद ब्रांड के संदिग्ध गुटखा का स्टॉक जमा किया गया था। इस दौरान मेसर्स मनभावन एजेंसी में 8 बोरी संभावित गुटखा (कुल 276 पैकेट) जब्त किया गया। इसी तरह मेसर्स हरीश जनरल स्टोर में 1 बोरी संदिग्ध गुटखा बरामद किया गया। विभागीय अधिकारियों ने पूरी कार्रवाई को विधिवत अंजाम दिया और जब्त माल को सुरक्षित रूप से अपने कब्जे में ले लिया है। स्वास्थ्य विभाग ने आम नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले विक्रेताओं को सख्त चेतावनी दी है। नमूने जांच करने लैब भेजे गए, कार्रवाई की तैयारी मौके पर उपस्थित वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रोशनी राजपूत एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी शंखनाद भोई ने जब्त किए गए गुटखा के नमूने (सैंपल) संकलित किए। अभिहित अधिकारी उमेश वर्मा ने बताया कि इन नमूनों को तत्काल परीक्षण हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। यदि किसी भी प्रकार के हानिकारक तत्व या वैधानिक उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो संबंधित फर्मों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *