दमोह-छतरपुर मार्ग पर बुधवार दोपहर एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया। यह हादसा मड़ियादो थाना क्षेत्र के कलकुआ गांव के पास हुआ, जिसमें एक ही परिवार की तीन महिलाएं घायल हो गईं। वाहन में श्रद्धालु सवार थे। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। बोलेरो वाहन सड़क से करीब 5 फीट गहरी खाई में जा गिरा था। घायल महिलाओं की पहचान तुलसा बाई, काशीबाई और हल्की बाई के रूप में हुई है। अन्य लोग सुरक्षित बताए गए हैं। 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को मड़ियादो स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। एंबुलेंस पायलट राकेश यादव ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। जानकारी के अनुसार, दमोह जिले के मड़ियादो थाना क्षेत्र के तिंदनी गांव के निवासी कुछ लोग छतरपुर जिले के तीर्थ क्षेत्र जटाशंकर धाम के पास अपने परिजनों से मिलने गए थे। वे तीर्थ यात्रा से लौटने के बाद उनसे मिलने गए थे। यह हादसा उस समय हुआ जब सभी लोग वहां से वापस लौट रहे थे।


