दमोह में गौवंश तस्करी आरोपी को छुड़ाने का मामला:पुलिस टीम पर हमला करने वाले 16 लोगों पर केस दर्ज

दमोह जिले के रजपुरा थाना क्षेत्र में गौवंश तस्करी के एक फरार आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला किया गया। आरोपी के परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस पर हमला कर उसे छुड़ा लिया। इस घटना के बाद पुलिस ने 16 लोगों के खिलाफ कई धाराओं में मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। यह घटना गुरुवार रात रजपुरा थाना क्षेत्र के हरदूटोला गांव में हुई। पथरिया एसडीओपी प्रिया सिंधी ने रविवार को इस मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पशु तस्करी के आरोपी जैसा बंजारा (पिता भामा बंजारा) को गिरफ्तार करने के लिए रजपुरा पुलिस पहुंची थी। आरोपी को पकड़ने के दौरान प्रेमा बंजारा और अन्य महिलाओं ने पुलिस से विवाद किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों के साथ झूमाझटकी की और पीछे से लाठियों व पत्थरों से हमला कर दिया। इसी बीच, आरोपी जैसा बंजारा मौके से फरार हो गया। रजपुरा थाना पुलिस ने आरोपी जैसा बंजारा सहित एक दर्जन से अधिक नामजद और अज्ञात लोगों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, एससी/एसटी एक्ट, बलवा और बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पथरिया एसडीओपी प्रिया सिंधी के नेतृत्व में कई थानों का पुलिस बल लगातार रजपुरा क्षेत्र में आरोपियों की तलाश में जुटा हुआ है। रविवार को भी गांव में दबिश दी गई। यह जंगली इलाका है जहां बंजारा समाज के लोग अधिक संख्या में रहते हैं, जिन पर पहले भी पशु तस्करी के कई आरोप लग चुके हैं। इनके नाम हुई FIR एसडीओपी प्रिया सिंधी ने बताया कि वीडियो फुटेज के आधार पर जितने लोग भी इस घटना में शामिल हैं, उन सभी को हिरासत में लिया जा रहा है। पुलिस ने जैसा और प्रेमा के परिवार के कुछ सदस्यों को भी हिरासत में लिया है। इस मामले में जैसा बंजारा, पेमा बंजारा, उड़ा बंजारा और भामा बंजारा पर नामजद मामला दर्ज किया गया है, जबकि अन्य अज्ञात लोग भी शामिल हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *