दमोह के सिविल वार्ड चार में शनिवार दोपहर स्कूली बच्चों को ले जा रहा एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। यह दुर्घटना नवजागृति स्कूल के समीप हुई, जिसमें दो छात्र घायल हो गए। ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। छात्र कृष्णा पांडे ने बताया कि ऑटो में गुरु नानक स्कूल के करीब सात बच्चे सवार थे। ऑटो चालक ने छठवीं कक्षा के एक छात्र को ऑटो का हैंडल पकड़ा दिया था। नवजागृति स्कूल के पास एक साइकिल चालक को बचाने के प्रयास में छात्र ने हैंडल मोड़ा, जिससे ऑटो सड़क पर पलट गया। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल बच्चों को ऑटो से बाहर निकाला। इस दुर्घटना में सजल जैन और राशि शिल्पकार नामक दो छात्र घायल हुए। उन्हें पास के एक निजी अस्पताल में ले जाकर इलाज कराया गया। अन्य छात्र सुरक्षित बताए गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। हादसे के बाद ऑटो चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ऑटो जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने ऑटो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है। इस घटना में ऑटो चालक की गंभीर लापरवाही सामने आई है, जिसने एक नाबालिग छात्र को वाहन चलाने दिया।


